– हल्दी की रस्म में बिफरी दुल्हन, पुलिस पंचायत में जुटी
अलीगढ़, डीडीसी। उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। जहां पर दुल्हन ने सात फेरे लेने के बाद अचानक शादी करने से इनकार कर दिया। इस पर दोनों पक्षों में जमकर हंगामा हुआ और मामला पुलिस तक जा पहुंचा।
पंचायत में जुटी है पुलिस
बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों में अब तक कोई सुलह नहीं हो सकी है। पुलिस इस मामले को सुलझाने की कोशिश में जुटी है, लेकिन दोनों पक्ष एक दूसरे पर आरोप लगा रहे हैं। जबकि दुल्हन ने सीधा दूल्हे पक्ष पर धोखा देने का आरोप लगाया है।
हल्दी की रस्म में दूल्हे के हाथ देखते ही निकली दुल्हन की चीख
यह मामला अलीगढ़ के थाना छर्रा इलाके के गांव सिरौली का है। शादी समारोह के दौरान दूल्हे का खूब स्वागत हुआ, बारातियों ने खाना खाया, जयमाला हो गई, फेरे हो गए, मांग भराई तक हो गई पर जैसे ही मंडप में कन्यादान के समय हाथों में हल्दी लगाने की रस्म के लिए दूल्हे ने अपना हाथ आगे बढ़ाया तो दुल्हन की चीख निकल गई और उसने शादी की रस्में पूरी करने से मना कर दिया।
दूल्हे के हाथ की तीन अंगुलिया कटी थीं
दरअसल, दूल्हे के एक हाथ की तीन उंगलियां कटी हुईं थीं। दुल्हन के शादी से इनकार करने के बाद हंसी-खुशी चल रहे शादी के कार्यक्रम में खलल पड़ गया। दुल्हन ने आरोप लगाया कि दूल्हे के हाथों की उंगलियां कटी होने की जानकारी छिपाई गई और सभी को धोखे में रखा गया। हंगामे के दौरान दोनों ही बिचौलियों को बंधक बना लिया गया।
बोला दूल्हा, पहले ही बता दिया था कटी हैं अंगुलियां
दूल्हा पक्ष का कहना है कि कटी उंगलियों की जानकारी दी गई थी। उसके बाद ही शादी तय हुई। यही वजह है कि शादी का कार्यक्रम लगभग पूरा हो गया, लेकिन विदाई से इनकार कर दिया गया। हंगामे की सूचना पर स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। फिलहाल दूल्हा पूरी बारात के साथ दुल्हन की विदाई के लिए इंतजार कर रहा है। वहीं, दुल्हन विदाई की रस्म के लिए तैयार नहीं है।