– रक्तरंजित मिला शव, सिर पर गहरे जख्म, सब्बल से तोड़ा सोंटा का हाथ

हल्द्वानी, डीडीसी। हल्द्वानी में राठी गैंग से ताल्लुक रखने वाले बदमाश सोंटा की बेरहमी से हत्याकर दी गई। सब्बल से उसके सिर पर कई वार किए गए। सब्बल उसके गले में घोंप दिया और हाथ तोड़ दिया। वारदात को दो लोगों ने अंजाम दिया और वो भी इसलिए कि गुंडे ने शराब मांग-मांग कर एक ऑटो चालक का जीना हराम कर दिया था।

लालडांठ-दमुवाढूंगा रोड पर संजय कालोनी बिठौरिया मुखानी निवासी कुनाल सिंह बिष्ट उर्फ सोनू उर्फ सोंटा (34) पुत्र नवल किशोर सिंह बिष्ट का इलाके में खौफ था। उस पर कई थानों में गंभीर धाराओं में रिपोर्ट दर्ज थी और राठी गैंग के साथ उसके ताल्लुकात थे। यहां वह अपने पिता नवल और मां विमला के साथ रहता था। दो बहनों की शादी हो चुकी है और छोटा भाई अपनी पत्नी के साथ परिवार से अलग दमुवाढूंगा में रहता है।

बताया जाता है कि बीती रात करीब 9 बजे सोंटा घर से निकला। उसे बाइक सवार एक दोस्त लेने आया था। अगली सुबह सोंटा की लाश लालडांठ रोड पर शिव शक्ति विहार कालोनी के सामने बड़े खेत में मिली। लाश खेत में खड़ी झाडियों के पीछे पड़ी थी। सिर पर घाव, दाहिना हाथ बांह से टूटा और गले में पुलिस को गहरा सुराग मिला। हत्या की ये खबर इलाके में तेजी से फैली और मौके पर लोगों का जमावड़ा लग गया। कुछ ही देर में मुखानी, बनभूलपुरा, काठगोदाम और कोतवाली पुलिस के साथ एसओजी टीम मौके पर पहुंच गई।

करीब दो घंटे बाद डॉग स्क्वाड टीम भी मौके पर पहुंच गई। पड़ताल में जुटी पुलिस ने महज चार घंटों के भीतर दो हत्यारोपियों को गिरफ्तार कर लिया। जिसमें मूलरूप से पीलीभीत उत्तर प्रदेश का रहने वाला गंगाधर पुत्र नन्हे लाल और दूसरा फतेहगंज बरेली उत्तर प्रदेश निवासी रामपाल पुत्र पूरन लाल है। दोनों यहां मल्ला बमौरी में मृतक के घर पास रहते हैं। गंगाधर ऑटो चालक है, जबकि रामपाल राजमिस्त्री है। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल सब्बल बरामद कर लिया है। एसएसपी पंकज भट्ट ने गुडवर्क करने वाली टीम को ढाई हजार ईनाम की घोषणा की है।

हत्या की सूचना मिलते ही पुलिस की टीमें मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मामले में दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है। रिपोर्ट दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पंकज भट्ट, एसएसपी

सोंटा की गुंडई बन गई उसी के जान की दुश्मन
हल्द्वानी, डीडीसी। गरीबों पर सोंटी की गुंडई उसी के जान की दुश्मन बन गई। पुलिस की गिरफ्त में आए हत्यारोपियों ने कुछ ऐसा ही खुलासा किया है।

हत्यारोपी ऑटो चालक गंगाधर ने मुखानी थानाध्यक्ष दीपक बिष्ट को बताया कि वह सोंटा के घर करीब पांच मीटर की दूसरी पर रहता था। सोंटा अकसर उससे मोबाइल रिचार्ज कराने और बियर की डिमांड करता था। कई बार उसने दिनभर की कमाई भी छीन ली। एक बार विरोध करने पर सोंटा ने उसे बुरी तरह पीट डाला था।

वह सोंटा की इन हरकतों से तंग आ चुका था। गंगाधर ने बताया कि बुधवार रात एक बार फिर सोंटा ने फोन किया बियर लाने को कहा। गंगाधर को मौका मिल गया और उसके दिमाग में सारा हिसाब-किताब बराबर करने का ख्याल आ गया। उसने बगैर न-नुकुर किए बियर खरीद ली और अपने राजमिस्त्री दोस्त रामपाल को साथ ले लिया। रामपाल से ही उसने सब्बल लिया और बियर लेकर खेत में पहुंच गया।

यहां पहले तो सोंटा को बियर पिलाई गई और नशे में होते ही जब सोंटा ने गाली-गलौज शुरू की तो दोनों ने उस पर हमलाकर मौत के घाट उतार दिया।

राठी गैंग के गुर्गे के साथ चलाई थी गोली
कुनाल उर्फ सोंटा में मुखानी थाने के अलावा कोतवाली में धारा 307 व 25 आर्म्स एक्ट के तहत दो मुकदमे दर्ज हैं। सोंटा पर पुलिस हिस्ट्रीशीट खोलने की तैयारी भी कर रही थी, लेकिन इससे पहले उसकी हत्या हो गई। बताया जाता है कि करीब डेड़ साल पहले सोंटा ने राठी गैंग के गुर्गे सहदेव राठी व संजय सोनकर के साथ मिलकर रोडवेज में गोली चलाई थी। उसका रोडवेज में एक पान वाले से विवाद हो गया था। इस मामले में सोंटा के खिलाफ हल्द्वानी कोतवाली में धारा 307 के तहत रिपोर्ट दर्ज की गई थी।

भाई का विभत्स चेहरा नहीं देख पाई बहन
दो भाई और दो बहनों में सोंटा सबसे बड़ा और अविवाहित था। जबकि अन्य सभी भाई-बहनों की शादी हो चुकी थी। सोंटा की हरकतों से चलते उसकी शादी नहीं हुई और वर्ष 2012 में प्रेम विवाह करने के बाद छोटे भाई मनीष परिवार से अलग रहने लगा। सुबह जब भाई की मौत की खबर लगी तो बहन रेखा भाई को देखने के लिए घटना स्थल तक पहुंच गई। वहां मौजूद भारी भीड़ और पुलिस को देखते ही रेखा फफक पड़ी और कहने लगी कि कल रात ही उसकी सोंटा से बात हुई थी। सोंचा नहीं था कि आज ऐसा हो जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here