– हल्द्वानी-कालाढूंगी रोड पर कई महीनों से हुआ गड्ढा मौत के बाद भरा

Haldwani Accident, DDC : हल्द्वानी-कालाढूंगी हाइवे पर कई महीनों से हुआ गड्ढा सोमवार रात मौत का सबब बन गया। बूढ़े मां-बाप के इकलौते लाल को गड्ढा लील गया। अधिकारियों को लगा गड्ढे की मौत गले को हड्डी बन जाएगी तो आनन फानन में उसे लापरवाही की मिट्टी और गिट्टी से भर दिया गया। ये घटना मुखानी थाना इलाके की है। जहां मंगलवार सुबह एक और हादसा हुआ। मोर्निंग वॉकर छात्रा को तेज रफ्तार कार ने रौंद डाला।

ट्यूशन पढ़ाकर घर लौट रहा था शिक्षक
पहली घटना में आदर्श कालोनी लोहरियासाल मल्ला निवासी चंद्रशेखर पंत बीएसएफ से सेवानिवृत्त इंस्पेक्टर हैं। घर में उनकी पत्नी देवकी व 34 वर्षीय बेटा संजीव कुमार पंत थे। दो बेटियों की वह शादी कर चुके हैं। संजीव हरगोविंद सुयाल स्कूल में सामाजिक विज्ञान के अध्यापक थे और प्राइवेट ट्यूशन भी पढ़ाते थे। बताया जाता है कि सोमवार रात करीब साढ़े 9 बजे वह ट्यूशन पढ़ा कर बाइक से घर लौट रहे थे। वह अभी ऊंचापुल स्थित व्हाइट हॉल स्कूल के पास पहुंचे थे कि तभी हाईवे पर बने बड़े गड्ढे की चपेट में आ गए। वह सिर के बल सड़क पर गिरे। गंभीर अवस्था में 108 एंबुलेंस की मदद से एसटीएच पहुंचाया गया। जहां रात उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।

रफ्तार इतनी कि बिजली का पोल उखाड़ दिया
दूसरी घटना में मूलरूप से बंडी धारचूला पिथौरागढ़ निवासी आशा गुदियाल (25) पुत्री बयान सिंह जसपुर से बीएड और छोटा भाई हल्द्वानी से बीटेक की तैयारी कर रहा है। दोनों लामाचौड़ में किराए पर रहते थे। रोज की तरह सोमवार की सुबह भी वह टहलने निकली थी। सुबह करीब 5 बजे वह कालाढूंगी हाईवे पर कमलुवागांजा में मॉर्निंग वॉक कर रही थी। तभी सामने से आ रही तेज रफ्तार कार संख्या यूए 04 बी 6623 ने अचानक अपनी दिशा बदली और दूसरी ओर से आ रही आशा को रौंद दिया। जिसके बाद कार सड़क किनारे बिजली के पोल से टकरा गई। रफ्तार का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि टक्कर से पोल उखड़ गया और कार पर गिर गया। घटना के बाद से चालक फरार है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here