– दो बच्चों की मां को दगा देकर लेने जा रहा था किसी और के साथ सात फेरे
हरिद्वार, डीडीसी। उसने प्यार वर्दी वाली से किया, जिसके दो बच्चे भी थे, लेकिन बात जब शादी की आई तो प्रेमी ने किसी और से गठबंधन के अरमान संजो लिए। इसकी भनक जब वर्दी वाली प्रेमिका को लगी तो प्रेमी के सारे अरमान उसने पल भर में काफूर कर दिए। प्रेमी घोड़ी चढ़ कर दुल्हन लेने जा रहा था, लेकिन ऐन मौके पर प्रेमिका पहुंच गई और उसने दूल्हे के बैंड बजा दिया। मामला हरिद्वार के भगवानपुर का है। तो आइए जानते है है कि आगे क्या हुआ।
दुल्हन को सुनाई अपनी प्रेम कहानी
युवक की बारात निकलने ही वाली थी कि इसकी भनक लग प्रेमिका मौके पर आ धमकी। उसके बाद हाई वोल्टेज ड्रामा हुआ। महिला होमगार्ड के पद पर तैनात और दो बच्चों की मां (प्रेमिका) ने युवक की बारात निकलने ही नहीं दी। इतना ही नहीं उसने दुल्हन को भी अपनी प्रेम कहानी के बारे में बता दिया।
पास के ही एक गांव में तय किया था रिश्ता
हरिद्वार जिले के भगवानपुर क्षेत्र निवासी एक महिला होमगार्ड है। महिला का क्षेत्र के एक गांव निवासी दूसरे समुदाय के युवक से प्रेम-प्रसंग चल रहा है। महिला के पहले से ही दो बच्चे हैं। युवक के स्वजन ने उसका क्षेत्र के ही एक गांव में रिश्ता तय कर दिया। प्रेमी ने यह बात महिला से छिपाई। शनिवार सुबह प्रेमी की बारात जानी थी। इसी बीच महिला को प्रेमी के निकाह की जानकारी हुई। इसके बाद महिला दुल्हन के घर पहुंच गई।
पहले दुल्हन को सुनाई दास्तां, फिर पहुंची प्रेमी के घर
महिला ने उसे अपने प्रेम संबंधों के बारे में बता दिया, जिसे सुनकर दुल्हन और उसके स्वजन के होश उड़ गए। इसके बाद वह अपने प्रेमी के घर पहुंची और उसे प्रेम संबंधों का वास्ता दिया। बताया गया कि महिला ने वहां पर जमकर हंगामा किया। इसके बाद युवती पक्ष ने युवक पक्ष को बरात नहीं लाने के लिए कहा।
दुल्हन पक्ष ने मांगी खर्चे की पाई-पाई
दुल्हन पक्ष ने अपने होने वाले नुकसान की रकम लौटाने की बात भी कही। बताया गया है कि युवक पक्ष ने नुकसान की भरपाई कर दी। बीते रोज देर शाम तक महिला और उसके प्रेमी पक्ष के बीच वार्ता चल रही थी।