- हल्द्वानी, डीडीसी। जानवरों के लिए जंगल मे घास लेने गईं महिलाओं को गुलदार (Leopard) ने दबोच लिया। गुलदार के हमले में दोनों महिलाएं बुरी तरह घायल हो गईं। बमुश्किल दोनों महिलाएं गुलदार के चंगुल से आजाद हुई। गंभीर अवस्था मे दोनों को इलाज के लिए हल्द्वानी के सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। इस हमले के बाद से जंगल से सटे गांवों में दहशत का माहौल है। घटना उत्तराखंड (Uttrakhand) में नैनीताल (Nainital) जिले के हल्द्वानी गौलापार के (Haldwani Gaya par) की है।
शोर से डर कर भागा गुलदार
जानवरों के लिए जंगल से घास लाना गौलापार में महिलाओं की दिनचर्या में शुमार है। आज सुबह गौलापार के दानीबंगर गांव की रहने वाली खष्टी देवी और मुन्नी देवी जंगल में घास लेने गईं थीं। घास काटते-काटते दोनों जंगल में अंदर तक चली गईं। तभी घात लगाए गुलदार ने एक पर हमला कर लिया। इससे महिला चीख पड़ी। चीख सुनकर दूसरी महिला भी शोर मचाने लगी। तभी गुलदार ने एक को छोड़ कर दूसरे पर हमला बोल दिया। कुछ दूर कुछ और महिलाएं भी घास काट रही थीं। चीख सुनकर उन्होंने भी शोर मचाना शुरू कर दिया। जिससे घबरा कर गुलदार भाग खड़ा हुआ, लेकिन तब तक खष्टी और मुन्नी बुरी तरह घायल हो चुकी थी।
गौलापार में मिला टाइगर का मूवमेंट
इस घटना के बाद से इलाके में हड़कंप मच हुआ है। बताया जाता है कि पिछले कुछ दिनों से इस इलाके में टाइगर का मूवमेंट भी देखा जा रहा है। खबर के बाद वन विभाग के कर्मचारी भी मौके पहुंचे और सूचना आलाधिकारियों को दी। वन विभाग ने लोगों से जंगल न जाने की अपील की है।