– अपने जीजा के साथ थे कातिल महिला के अवैध संबंध
कानपुर, डीडीसी। जीजा के प्यार में पागल एक मां ने जैसा किया, शायद ही ऐसा कोई सोच पाने की भी हिम्मत जुटा सके। इस मां सर्वेश कुमारी ने अपने ही लाल रोहित (7) के खून से अपने हाथ रंग लिए। वो भी इसलिए कि रोहित ने मां को एक रिश्तेदार (मौसा) नरेंद्र के साथ हमबिस्तर देख लिया था। राज कहीं किसी के सामने खुल न जाए, इसलिए सूनसान पशुबाड़े में हत्यारन ने अपने पैरों से अपने बेटे का गला घोंट कर बेरहमी से कत्ल कर दिया। उसने पाप छिपाने की भी बहुत कोशिश की, लेकिन छिप नही सका। अब कातिल मां सलाखों में है। पूरा मामला उत्तर प्रदेश में कानपुर जिले के हमीरपुर का है।
पति पर गढ़ी कत्ल की कहानी
राठ कोतवाली के मवई गांव का रहने वाला किसान सुरेश राजपूत सर्वेश कुमारी का पति है, लेकिन पिछले एक साल से वो अपने पति से दूर मायके में रह रही थी। बेटे को मारने के बाद लाश उसने मौका-ए-वारदात पर छिपा दी और कत्ल का इल्जाम अपने पति पर डाल दिया। सर्वेश कुमारी की तहरीर पर पुलिसिया जांच आगे बढ़ी तो वो खुद फंस गई। पुलिस की हल्की सख्ती पर ही उसने गुनाह कुबूल कर लिया।
मौत खींच ले गई रोहित को ननिहाल
पति से सर्वेश की दूरी की वजह नरेश यानी सर्वेश कुमारी का जीजा था। इधर, सर्वेश के मायके गल्हिया गांव में भाई सतीश के बेटे का 18 दिसम्बर को मांगलिक कार्यक्रम था। इसका निमंत्रण सर्वेश ने अपनी ससुराल को नही भिजवाया था। बावजूद इसके मां से मिलने की चाहत में रोहित एक दिन पहले अपनी ननिहाल पहुंच गया। अगले ही दिन उसने मां को मौसा के साथ हमबिस्तर देख लिया। कातिल की मानें तो उसे डर था कि इस बार उसका भांडा उसके अपने भाई, बाप के सामने खुल जाएगा। साथ ही प्रेमी जीजा का साथ भी हमेशा के लिए छूट जाएगा। बस इसीलिए उसने बेटे को मार दिया।