– लालकुंआ में शराब पीकर बीवी से झगड़ने के बाद खाया जहर
हल्द्वानी, डीडीसी। लालकुंआ में पति-पत्नी के बीच शराब विवाद की वजह बन गई। गुरुवार रात दोनों के बीच जमकर विवाद हुआ। जिसके बाद पति ने जहर खा लिया। गंभीर अवस्था में उसे उपचार के लिए सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय लाया गया। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
संजय नगर बिंदुखत्ता लालकुआं निवासी चंदन सिंह कोरंगा (40) शराब का आदी बताया जाता है। परिजनों की मानें तो गुरुवार रात चंदन शराब के नशे में घर पहुंचा और इसको लेकर उसका पत्नी से विवाद हो गया। पत्नी के जवाब से नाराज चंदन ने जहर खा लिया और उसकी हालत बिगड़ गई।
आनन-फानन में उसे नजदीक के अस्पताल ले जाया गया। जहां हालत नाजुक होने पर चंदन को सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय रेफर कर दिया गया। यहां गुरुवार रात ही चंदन की मौत हो गई। अस्पताल प्रशासन की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
जिसके बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। परिजनों का कहना है कि चंदन शराब का लती था और इसी के चलते पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था। गुरुवार रात भी जब चंदन शराब पीकर घर पहुंचा तो विवाद हो गया।