– 5वीं की छात्रा से रेप के आरोपी प्रिंसिपल को फांसी, साथ देने वाले शिक्षक को उम्रकैद
पटना, डीडीसी। वो 5वीं क्लास (Class) में पढ़ती थी। उसे तो पता भी नही था कि आखिर उसके साथ हो क्या रहा है। वो हर रोज कुकर्मी प्रिंसिपल और शिक्षक के घ्रणित षड्यंत्र का शिकार हो रही थी। शिक्षक नाबालिग छात्रा (Minor student) को बहाने से प्रिंसिपल के कमरे में भेजता था और प्रिंसिपल उसे अपनी हवस (Rape) का शिकार बनाता था। मामला खुला और कोर्ट कचहरी तक पहुंच गया। अब जाकर 3 साल बाद मामले में फैसला आया और फैसला भी ऐसा जो नजीर बनेगा। आरोपी प्रिंसिपल को कोर्ट ने फांसी (Hanging) की सजा सुनाई है। जबकि आरोपी शिक्षक को पूरी उम्र (life prison) जेल की सलाखों के पीछे गुजारनी होगी।
गर्भवती हुई तब लगा घिनौने खेल का पता
नाबालिग बच्ची के साथ रेप करने की घटना तीन साल पुरानी यानी साल 2018 की है। रेप की इस घटना के बाद पीड़िता गर्भवती हो गई थी। तब इस बारे में पीड़िता के घरवालों को जानकारी हुई। इन सबके बाद मामला पहले पुलिस और फिर कोर्ट तक पहुंचा। 3 साल तक कोर्ट में ये मामला चला। कोर्ट के आदेश के बाद छात्रा का गर्भपात कराया गया था।
फांसी के साथ 1 लाख और उम्रकैद के साथ 50 हजार जुर्माना भी
राजधानी पटना (Patna) में पॉक्सो कोर्ट (Pocso Court) ने मासूम छात्रा के साथ रेप (Rape) करने के आरोपी प्राइवेट स्कूल के संचालक और प्रिंसिपल अरविंद कुमार को को फांसी की सजा सुनाई है। कोर्ट ने अपने आदेश में 1 लाख जुर्माना अदा करने का आदेश भी दिया है। इसके साथ ही स्कूल के शिक्षक अभिषेक कुमार को उम्रकैद और 50 हजार की सजा सुनाई गई है।
कॉपी चेक करने के बहाने भेजता था कमरे में
पटना के फुलवारीशरीफ इलाके के मित्र मंडल कालोनी के न्यू सेंट्रल पब्लिक स्कूल की 5वीं कक्षा की छात्रा के साथ 18 नवम्बर 2018 को दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया गया था। स्कूल का शिक्षक अभिषेक कुमार स्कूल में कॉपी चेक करने के बहाने छात्रा को प्रिंसिपल अरविंद कुमार के पास भेजता था और प्रिंसिपल कमरे में उसके साथ शर्मनाक हरकत करता था।
डीएनए से लगा पता, किसका था गर्भ में पल रहा पाप
आरोपियों के खिलाफ महिला थाने में पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज हुआ। दुष्कर्म के बाद छात्रा गर्भवती हुई तो न्यायालय के आदेश पर छात्रा का गर्भ गिराया गया। इसके साथ ही कोर्ट के आदेश से दोनों आरोपी एवं छात्रा का डीएनए टेस्ट कराया गया। डीएनए रिपोर्ट आई तो डीएनए आपस में मैच कर गया।