जोधपुर, डीडीसी। ये क्रोध में अंधे एक इंसान द्वारा बरती गई हैवानियत की इन्तहा है। क्रोध में ये इंसान इतना अंधा हो चुका था कि अपनी ही पत्नी पर उसे जरा सा रहम नही आया। क्या दिल और क्या कलेजा… वो पत्नी के जिस्म पर तब तक कैंची घोंपता रहा, जब तक उसके जिस्म में हरकत थी। हद तो तब हुई जब मौत के बाद वो पत्नी की लाश के पास बैठकर वीडियो गेम खेलने लगा। आरोपी अब पुलिस की कस्टडी में है और अपने किए पर उसे तनिक भी पछतावा नही है।
ये मामला राजस्थान के जोधपुर का है।
जोधपुर के बीजेएस कॉलोनी निवासी विक्रम यहां अपनी पत्नी शिव कंवर और दो बच्चों के साथ रहता है। विक्रम काफी समय से बीमार है और घर का खर्च बीवी चलाती है। शिव कंवर घर में ही सिलाई का काम करती है। दोनों के बीच अक्सर विवाद होते थे और इस विवाद की वजह विक्रम की बेरोजगारी है। बताया जाता है कि बीते रविवार को बच्चे घर पर नही थे और दोनों के बीच एक बार फिर कहासुनी होने लगी। कहासुनी तीखी हो गई और विक्रम गुस्से में आपा खो बैठा। उसने पास ही पड़ी वो कैंची उठा ली, जिससे बीवी कपड़े काटती थी। शिव कंवर ने भी कभी नही सोंचा होगा कि उसके साथ ऐसा भी हो सकता है। रोज-रोज के झगड़ों, तानों और बीवी की मुँहजोरी से तंग विक्रम ने उस पर कैंची से ताबड़तोड़ हमले शुरू कर दिए। विक्रम पत्नी के शरीर पर तब तक कैंची घोंपता रहा, जब तक शिव कंवर के शरीर में जान थी। पत्नी का बेरहमी से कत्ल करने के बाद विक्रम कहीं भागा नही बल्कि वहीं बैठ कर अपने मोबाइल पर वीडियो गेम खेलने लगा। पुलिस को जैसे ही इस वहशी हत्यारे की करतूत का पता लगा तो बिना समय गंवाए वह मौके पर पहुंच गई। जब पुलिस मौके पर पहुंची तब भी विक्रम वहीं बैठकर वीडियो गेम खेल रहा था और पूरा कमरा खून से लाल था।। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में तो ले लिया है, लेकिन उसे अपने किए का जरा भी पछतावा नही है। पुलिस ने घटना की जानकारी मृतका के माता-पिता को दी। महामंदिर पुलिस ने बताया कि महिला को अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।

