. देवभूमि बहुउद्देशीय स्वायत्त सहकारिता संस्था खोलकर ठगने वाले संस्था के अध्यक्ष और सचिव गिरफ्तार
Devbhoomi Multipurpose Autonomous Cooperative Society, DDC : निवेश पर मोटा मुनाफा देने के नाम पर सैकड़ों लोगों से करोड़ों रुपये हड़पने वाले गिरोह का नैनीताल पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने लालकुआं क्षेत्र से देवभूमि बहुउद्देशीय स्वायत्त सहकारिता संस्था के अध्यक्ष और सचिव को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपियों के बैंक खातों में 6.80 करोड़ रुपये से अधिक का लेनदेन हुआ है। पुलिस अब इस पूरे आर्थिक नेटवर्क की गहन जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार वर्ष 2023 में रामनगर और मुखानी थाने में इस संस्था के खिलाफ धोखाधड़ी के तीन मुकदमे दर्ज हुए थे। देवभूमि बहुद्देशीय स्वायत्त सहकारिता संस्था की शाखाएं वर्ष 2017 से हल्द्वानी के मुखानी और रामनगर क्षेत्र में संचालित की जा रही थीं। संस्था संचालक उत्तराखंड सरकार से पंजीकरण का दावा करते हुए लोगों को अधिक ब्याज और निवेश सुरक्षित रहने का भरोसा देते थे।
इस झांसे में कुमाऊं मंडल के अल्मोड़ा, पिथौरागढ़, बागेश्वर, चम्पावत, ऊधम सिंह नगर और नैनीताल जनपदों के 200 से अधिक निवेशक फंस गए। आरोपियों ने करीब 6 करोड़ 80 लाख रुपये की राशि एकत्र की। रकम जुटाने के बाद हरिपुर नायक, कुसुमखेड़ा निवासी हेमचंद पंत (अध्यक्ष) और डहरिया, हल्द्वानी निवासी विकास दुर्गापाल (सचिव) अपने साथियों के साथ फरार हो गए।
जांच में सामने आया कि दोनों शाखाएं करीब एक से डेढ़ वर्ष पहले ही बंद कर दी गई थीं। खातों की पड़ताल में करोड़ों रुपये के लेनदेन के साक्ष्य मिले हैं। लालकुआं कोतवाली में तैनात एसएसआई दीपक सिंह बिष्ट के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बुधवार रात दोनों आरोपियों को लालकुआं क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। दोनों की पिछले तीन साल से तलाश हो रही थी।
तीन राज्यों में लगातार दबिश
आरोपियों के खिलाफ न्यायालय से वारंट और कुर्की के आदेश जारी होने के बाद नैनीताल पुलिस की टीमें दिल्ली, हरियाणा और लखनऊ में लगातार दबिश देती रहीं। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपियों पर उत्तराखंड के अन्य जिलों में भी ठगी और धोखाधड़ी के मामले दर्ज हैं। एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों की चल-अचल संपत्ति का ब्योरा जुटाया जा रहा है। इस फर्जीवाड़े में शामिल अन्य व्यक्तियों की पहचान कर उनकी भूमिका की जांच की जा रही है।
एसएसपी ने की टीम की सराहना
एसएसपी ने लालकुआं कोतवाली के एसएसआई दीपक सिंह बिष्ट और उनकी टीम के प्रयासों की सराहना करते हुए 2500 रुपये का पुरस्कार घोषित किया। साथ ही आम जनता से अपील की कि किसी भी संस्था या निवेश योजना में धन लगाने से पहले उसके पंजीकरण, वैधानिक स्थिति और विश्वसनीयता की पूरी तरह जांच अवश्य करें, ताकि ठगी से बचा जा सके। उन्होंने यह भी कहाकि कोई भी वित्तीय संस्था कम समय में रकम को दोगुना नही कर सकती। इसलिए बैंकों पर भरोसा करें और धोखाधड़ी से बचें।


