– कालाढूंगी रोड स्थित हकीम के यहां इलाज के लिए पहुंची थी 22 वर्षीय महिला; परिजनों ने लापरवाही का आरोप लगाया, पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
डीडीसी, हल्द्वानी : गर्दन के दर्द से परेशान 22 वर्षीय महिला की कालाढूंगी रोड स्थित एक हकीम के यहां मालिश के दौरान हालत बिगड़ गई। परिजन उसे आनन-फानन में बेस अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने हकीम पर गर्दन की मालिश के दौरान लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल परिजनों की ओर से पुलिस को तहरीर नहीं दी गई है।
ईको टाउन, रामपुर रोड निवासी मीनाक्षी पिछले तीन-चार माह से गर्दन के दर्द से परेशान थीं। परिजनों के अनुसार उनका डॉ. सुशीला तिवारी अस्पताल (एसटीएच) में उपचार चल रहा था। शनिवार सुबह किसी व्यक्ति की सलाह पर मीनाक्षी अपने पति और बच्चों के साथ कालाढूंगी रोड स्थित हकीम के पास पहुंचीं।
मीनाक्षी के बहनोई मनोज टम्टा ने बताया कि हकीम ने महिला की गर्दन की मालिश शुरू की। परिजनों का आरोप है कि इसी दौरान उसकी गर्दन को जोर से मोड़ा गया और सिर को दबाया गया। मीनाक्षी के पति रामचरण ने कथित तौर पर हकीम से आराम से मालिश करने के लिए कहा, लेकिन मालिश जारी रही। कुछ ही देर बाद मीनाक्षी अचेत हो गईं।
इसके बाद परिजन उन्हें तत्काल बेस अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मीनाक्षी को मृत घोषित कर दिया। महिला की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने हकीम पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है। हालांकि, मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
चार साल पहले हुई थी शादी
मीनाक्षी की शादी करीब चार साल पहले रामचरण से हुई थी। रामचरण एक निजी कंपनी में काम करते हैं। दंपती के दो बेटे हैं, जिनकी उम्र करीब डेढ़ और ढाई वर्ष बताई गई है। मां की अचानक मौत से परिवार सदमे में है। दोनों मासूम बच्चों को अभी मां के चले जाने का अहसास तक नहीं है।
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों की ओर से तहरीर मिलने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

