– हल्द्वानी कोतवाली के सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई अधिवक्ताओं की मारपीट, पुलिस ने फुटेज सुरक्षित रखने के दिए निर्देश
- DDC : रात को लगे थप्पड़ का हिसाब सुबह हल्द्वानी कोतवाली में चुकाया गया। करीब दर्जनभर साथियों के साथ पहुंचे एक अधिवक्ता ने पुलिस की मौजूदगी में युवक को घेर लिया और गिरा-गिराकर पीटा। युवक बचने के लिए छटपटाता रहा, लेकिन हमलावरों ने उसे नहीं छोड़ा। बीच-बचाव करने पहुंचे उसके साथी ने भी भीड़ के सामने पीछे हटने में ही भलाई समझी। कोतवाली में तैनात महिला उपनिरीक्षक और एक अन्य पुलिसकर्मी ने किसी तरह युवक को हमलावरों के चंगुल से छुड़ाया। पूरी घटना कोतवाली में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। युवक को लहूलुहान करने के बाद भी आरोपी पक्ष का रवैया नहीं बदला। महिला एसआई के सामने गालीगलौज जारी रखी और फिर उसी युवक के खिलाफ तहरीर देकर कोतवाली से बाहर निकल गया, जिसे कुछ देर पहले पीटा था।
मामले की शुरुआत रविवार रात मंगलपड़ाव क्षेत्र के एक होटल में हुई थी। यहां एक पार्टी में युवक और अधिवक्ता अपने एक कॉमन दोस्त के साथ मौजूद थे। तीनों एक ही टेबल पर बैठे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर युवक और अधिवक्ता के बीच विवाद हो गया। युवक का आरोप है कि अधिवक्ता ने उसकी बहन के बारे में अभद्र टिप्पणी की थी। इस पर गुस्साए युवक ने अधिवक्ता को दो थप्पड़ जड़ दिए। विवाद बढ़ने पर अधिवक्ता ने माफी भी मांग ली थी। उस समय मामला शांत हो गया, लेकिन अगले दिन इसका दूसरा रूप सामने आया।
सोमवार सुबह दोनों पक्ष हल्द्वानी कोतवाली पहुंच गए। अधिवक्ता के साथ करीब दर्जनभर लोग थे, जबकि युवक के साथ महज एक व्यक्ति मौजूद था। बताया जा रहा है कि कोतवाली परिसर में अधिवक्ता की नजर युवक पर पड़ी तो वह आपा खो बैठा। वह अपने साथियों के साथ युवक की ओर दौड़ा और मारपीट शुरू कर दी। युवक के साथ मौजूद व्यक्ति ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, लेकिन सामने मौजूद लोगों की संख्या देखकर वह भी पीछे हट गया। इसके बाद युवक को घेरकर गिराया गया और जमकर पीटा गया।
अचानक हुई मारपीट से कोतवाली परिसर में अफरातफरी मच गई। महिला उपनिरीक्षक आरती सचदेवा और एक अन्य पुलिसकर्मी ने हस्तक्षेप कर किसी तरह युवक को हमलावरों से छुड़ाया। मारपीट में युवक घायल हो गया। इसके बाद उसे मेडिकल परीक्षण के लिए अस्पताल जाना पड़ा।
एसआई के सामने गालीगलौज, पिटाई के बाद उसी के खिलाफ तहरीर
कोतवाली के भीतर मारपीट के बाद भी अधिवक्ता का गुस्सा शांत नहीं हुआ। आरोप है कि महिला पुलिसकर्मियों के सामने वह युवक को अपशब्द कहता रहा। महिला उपनिरीक्षक आरती सचदेवा ने उसे फटकार भी लगाई, लेकिन वह लगातार अभद्रता करता रहा। हालात बिगड़ते देख उसके साथ आए अन्य अधिवक्ता उसे जबरन कोतवाली से बाहर ले गए। इससे पहले आरोपी पक्ष ने पुलिस को उसी युवक के खिलाफ तहरीर सौंप दी, जिसे कुछ देर पहले कोतवाली परिसर में पीटा गया था।
सीसीटीवी में कैद हुई पूरी घटना, पुलिस की भूमिका भी जांच के घेरे में
कोतवाली परिसर में हुई मारपीट ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। जिस स्थान पर आम नागरिक सुरक्षा और न्याय की उम्मीद लेकर पहुंचते हैं, वहीं पुलिस की मौजूदगी में एक युवक की पिटाई होती रही। बीच-बचाव के लिए महिला एसआई और एक अन्य पुलिसकर्मी को आगे आना पड़ा। अब कोतवाली के सीसीटीवी फुटेज इस पूरे घटनाक्रम की अहम कड़ी बन सकते हैं। एसपी सिटी हरबंस सिंह ने बताया कि घटना के संबंध में मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों से जानकारी जुटाई जाएगी। कोतवाली में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज सुरक्षित रखने के निर्देश दिए गए हैं।


