DDC : दीपावली के त्योहार पर शहर की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था संभालने के लिए पुलिस ने तकनीक का पहरा बिठा दिया है। शहर के प्रमुख, संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले इलाकों में लगे 233 सीसीटीवी कैमरों से चप्पे-चप्पे पर नजर रखी जा रही है। खास बात यह है कि इन कैमरों से केवल आम लोगों की गतिविधियां ही नहीं, बल्कि ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों की मुस्तैदी भी परखी जा रही है। कालू सिद्ध तिराहे पर ड्यूटी के दौरान मोबाइल में व्यस्त मिली एक महिला पीएसी कर्मी को कंट्रोल रूम से लाउडस्पीकर के जरिए ड्यूटी याद दिलाई गई।
गुरुवार को एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी अचानक शहर की निगरानी करने वाले कंट्रोल रूम पहुंच गए। यहां उन्होंने सीसीटीवी कैमरों के जरिए शहर के अलग-अलग इलाकों की यातायात और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इसी दौरान उनकी नजर कालू सिद्ध तिराहे पर ड्यूटी में तैनात एक महिला पीएसी कर्मी पर पड़ी। महिला कर्मी सड़क पर यातायात व्यवस्था संभालने के बजाय मोबाइल फोन में व्यस्त थी।
एसएसपी के निर्देश पर कंट्रोल रूम के लाउडस्पीकर से महिला कर्मी को संदेश प्रसारित किया गया। आवाज सुनते ही उसे मोबाइल छोड़कर सड़क से वाहनों को हटवाने और यातायात व्यवस्था संभालने की हिदायत दी गई। दोपहर के समय शहर की सड़कें वाहनों के भारी दबाव से जूझ रही थीं। ऐसे में ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों की लापरवाही को लेकर एसएसपी ने सख्त रुख दिखाया।
एसएसपी ने एसपी संचार रेवाधर मठपाल को निर्देश दिए कि कंट्रोल रूम में स्थापित निगरानी व्यवस्था पूरी तरह सक्रिय रखी जाए। अधीनस्थ कर्मचारियों को समय-समय पर दिशा-निर्देश देने के साथ स्वयं भी निगरानी व्यवस्था का जायजा लेते रहें। शहर के संवेदनशील, भीड़भाड़ वाले और प्रमुख स्थानों पर लगे सभी 233 सीसीटीवी कैमरों से लगातार निगरानी की जाए।
उन्होंने निर्देश दिए कि ड्रोन के माध्यम से भी बाजारों, भीड़भाड़ वाले इलाकों और संवेदनशील स्थानों पर नजर रखी जाए। किसी भी स्थान पर संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने पर कंट्रोल रूम तत्काल संबंधित चौकी और कोतवाली को सूचना दे, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।


