– पांच करोड़ नकद और चार प्लॉट समेत कार-बाइक हड़पने का आरोप, सुनवाई में ज्योति ने आरोपों को नकारा, एफआईआर निरस्त करने की मांग
DDC : बुजुर्ग कारोबारी से सात करोड़ रुपये से अधिक की कथित वसूली और संपत्ति हड़पने के बहुचर्चित हनीट्रैप प्रकरण में आरोपी ज्योति सिंह को हाई कोर्ट से फिलहाल दो दिन की और राहत मिल गई है। एफआईआर निरस्त करने और गिरफ्तारी पर रोक लगाने की मांग वाली याचिका पर बुधवार को सुनवाई करते हुए न्यायमूर्ति पंकज पुरोहित की एकलपीठ ने गिरफ्तारी पर लगी अंतरिम रोक 27 नवंबर तक बढ़ा दी। अब इस मामले में अगली सुनवाई 27 नवंबर को होगी। ज्योति ने अपने ऊपर लगे आरोपों को गलत बताते हुए मुकदमे में फंसाए जाने की बात कही है।
यह मामला इसलिए भी चर्चा में है क्योंकि कारोबारी की शिकायत में कथित वसूली की रकम पांच करोड़ रुपये नकद बताई गई है। इसके अलावा करीब दो करोड़ रुपये कीमत के चार प्लॉट, एक कार और एक बाइक हड़पने का आरोप है। शिकायत के मुताबिक, ब्लैकमेलिंग का यह सिलसिला वर्ष 2015-16 में शुरू हुआ और 11 नवंबर 2026 तक जारी रहा। यानी करीब 11 साल तक कारोबारी को कथित तौर पर दबाव में रखा गया।
कारोबारी की शिकायत के अनुसार, वर्ष 2015 में ज्योति सिंह उनसे लालकुआं स्थित स्टोन क्रशर पर मिली थी। उसने एक मुकदमे का हवाला देकर आर्थिक मदद मांगी। फिर मुलाकातों का सिलसिला बढ़ा और एक दिन पूजा के बहाने घर बुलाकर खाने में नशीला पदार्थ मिलाया। कारोबारी का दावा है कि इसी दौरान उसकी आपत्तिजनक फोटो और वीडियो बना लिए गए। बाद में इन्हीं को सार्वजनिक करने की धमकी देकर कथित तौर पर ब्लैकमेलिंग शुरू कर दी गई।
आरोप है कि कारोबारी से पांच करोड़ रुपये नकद के अलावा चार प्लॉट, कार और बाइक भी ले ली। इतना ही नहीं, पिछले दो वर्षों से बेटी की बीमारी और अपने खर्चों का हवाला देकर हर महीने 40 हजार रुपये भी लिए जा रहे थे। इस मद में करीब 9.60 लाख रुपये की वसूली का दावा है। कारोबारी का आरोप है कि अब आरोपियों की नजर उसके पेट्रोल पंप पर भी थी।
ज्योति समेत पांच नाम और दो अज्ञात
कारोबारी की शिकायत पर कोतवाली हल्द्वानी में ज्योति सिंह समेत पांच नामजद और दो अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। मुकदमा दर्ज होने के बाद ज्योति ने हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाया। उसने एफआईआर को चुनौती देते हुए कहा कि उसे गलत तरीके से मामले में फंसाया गया है और कथित घटनाओं से उसका कोई संबंध नहीं है। उसने मुकदमा निरस्त करने के साथ गिरफ्तारी पर रोक लगाने की मांग की। इससे पहले अदालत ने उसे 25 नवंबर तक गिरफ्तारी से अंतरिम राहत दी थी। बुधवार को हुई सुनवाई में यह राहत 27 नवंबर तक बढ़ा दी गई।


