. 24 सितंबर शाम की घटना, साथ में बाइक पर सवार था दोस्त, लद्दाख और नॉर्थ ईस्ट समेत कर चुका था कई ऑफ रोड यात्रा
DDC : देश की कई सड़कों से बाइक से नाप चुका एडवेंचर बाइकर एक कुत्ते की वजह से मौत का शिकार हो गए। वह एक दोस्त के साथ अपनी एडवेंचर बाइक की सर्विस कराकर घर लौट रहे थे। तभी अचानक सामने कुत्ता आ गया। कुत्ते को बचाने में उनकी बाइक फिसल गई और उन्हें गंभीर चोट आ गई। चिकित्सकों ने भरसक प्रयास किया, लेकिन उनकी जान नहीं बच सकी। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया है।
हल्द्वानी के करायल चतुर सिंह, टीपीनगर निवासी हरीश सिंह चौहान (27 वर्ष) पुत्र गोविंद सिंह चौहान पेशे से एडवेंचर बाइकर थे। जबकि गोविंद सिंह चौहान सेना से सूबेदार के पद से सेवानिवृत्त हैं। हरीश नॉर्थ ईस्ट से लेकर लद्दाख और भारत के विभिन्न राज्यों की यात्रा वह अपनी बाइक से कर चुके थे।
पुलिस के मुताबिक, 24 सिंतबर की शाम वह अपने दोस्त के साथ बाइक की सर्विसिंग करा कर घर लौट रहे थे। महर्षि स्कूल के पास अचानक बाइक के सामने कुत्ता आ गया और उसे बचाने में हरीश बाइक समेत गिर गए। हरीश के सिर व शरीर के अन्य हिस्से पर गंभीर चोट आई।
उन्हें फौरन एक निजी अस्पताल ले जाया गया। चार दिन तक चले उपचार के बाद हरीश की मौत हो गई। चौकी प्रभारी मेडिकल एमएस रौतेला ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।

