बुजुर्ग को डिजिटल अरेस्ट कर सात लाख की ठगी

हल्द्वानी में डिजिटल अरेस्ट।

– मनी लॉन्ड्रिंग का डर दिखाकर 64 वर्षीय बुजुर्ग से हड़पी रकम, लोकल पुलिस ने जांच साइबर सेल को सौंपी

DDC : साइबर ठगों ने मनी लॉन्ड्रिंग का डर दिखाकर एक बुजुर्ग को डिजिटल अरेस्ट किया। डिजिटल अरेस्ट के दौरान उन्हें डराते-धमकाते रहे और सात लाख रुपये हड़प लिए। ठगी का एहसास होने के बाद बुजुर्ग हल्द्वानी कोतवाली पुलिस के पास पहुंचे और शिकायत दी। पुलिस ने मामले में अज्ञात साइबर ठग के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर साइबर सेल को जांच के लिए भेज दिया है।

64 साल के भोटिया पड़ाव निवासी बुजुर्ग ने कोतवाली में पुलिस को दी तहरीर देकर कहा कि इसी साल 23 जुलाई को उनके पास एक अज्ञात नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाले ने मनी लॉन्ड्रिंग की बात कही और किसी से बात न करने की धमकी दी। दो-चार दिनों तक लगातार संपर्क में रहने को कहा।

इसके बाद उनसे बैंक खाते की जानकारी मांगी गई। डर के मारे बुजुर्ग ने खाते से संबंधित जानकारी शेयर कर दी। पीड़ित के अनुसार 6 अगस्त को उनसे एक खाते में चार लाख और दूसरे खाते में तीन लाख रुपये डलवा दिए गए। कुल सात लाख रुपये ट्रांसफर होने के बाद उन्हें समझ आया कि उनके साथ साइबर ठगी हो गई है।

उन्होंने मामले की शिकायत पुलिस से की। एसएचओ विजय सिंह मेहता ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।

क्रेडिट कार्ड पर इंटरनेशनल चार्ज के नाम पर 1.59 लाख की ठगी
बनभूलपुरा क्षेत्र में साइबर ठग ने क्रेडिट कार्ड पर चार्ज लगने का झांसा देकर 1.59 लाख रुपये उड़ा दिए। इंद्रानगर निवासी पीड़ित ने पुलिस को बताया कि 28 सितंबर को शाम 6 बजे उनके पास कॉल आई।

कॉलर ने कहा कि आपके क्रेडिट कार्ड पर इंटरनेशनल चार्ज लगा है। इसे हटाने के लिए व्हाट्सएप पर लिंक भेज रहा हूं। लिंक खोलते ही सारा एक्सेस कॉलर को मिल गया और उसने क्रेडिट कार्ड की जानकारी हासिल कर बैंक के 1.59 लाख से अधिक रुपये निकाल लिए गए। एसएचओ डीएस फर्त्याल ने बताया कि केस दर्ज कर जांच शुरू की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back To Top