- DDC : त्योहार से ठीक पहले हल्द्वानी की सड़कों पर रफ्तार का कहर दो परिवारों को जिंदगी भर का गम दे गया। बुधवार सुबह महज आधे घंटे के भीतर दो अलग-अलग सड़क हादसों में एक अधेड़ और एक महिला की मौत हो गई। काठगोदाम में सीआरपीएफ ग्रुप केंद्र के पास ट्रक ने बाइक सवार को कुचल दिया, जबकि तिकोनिया में सड़क पार कर रही भवाली निवासी महिला को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। दोनों हादसों के बाद पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे और परिजनों को सूचना दी।
हेलमेट पहना था, फिर भी नहीं बची जान
काठगोदाम पुलिस के मुताबिक दमुवाढूंगा निवासी इरशाद अहमद (46) बुधवार सुबह करीब 10 बजे बाइक से जा रहे थे। उनकी पत्नी एएनएम हैं। सीआरपीएफ ग्रुप केंद्र के पास पहुंचते ही एक ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में इरशाद के सिर पर गंभीर चोट आई और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
बताया गया कि इरशाद ने हेलमेट पहना हुआ था, लेकिन ट्रक की टक्कर और सिर पर आई गंभीर चोट उनकी जान नहीं बचा सकी। सूचना पर पहुंची पुलिस उन्हें अस्पताल लेकर गई, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
दवा लेने आई महिला को अज्ञात वाहन ने कुचला
दूसरा हादसा करीब आधे घंटे बाद तिकोनिया क्षेत्र में हुआ। भवाली के रानीखेत मार्ग स्थित वार्ड सात निवासी ममता बिष्ट (47) पत्नी आनंद सिंह बिष्ट बुधवार को दवा लेने हल्द्वानी आई थीं। वह भवाली स्थित आंचल दुग्ध केंद्र में कार्यरत थीं।
सुबह करीब साढ़े 10 बजे सवारी वाहन से उतरने के बाद ममता सड़क पार कर अस्पताल की ओर जा रही थीं। इसी दौरान एक अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर लगने से वह सड़क किनारे गिर पड़ीं और काफी देर तक वहीं पड़ी रहीं। इसी बीच वहां से गुजर रहे दो बाइक सवार युवकों की नजर उन पर पड़ी। दोनों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शिनाख्त के बाद परिजनों को सूचना दी। ममता के परिवार में पति और दो बेटे हैं। उनका हल्द्वानी में भी मकान बन रहा था। एक हादसे में परिवार ने अपना सदस्य खो दिया तो दूसरे हादसे ने भी एक परिवार की खुशियां छीन लीं।
सीसीटीवी फुटेज से तलाशे जा रहे वाहन
एसपी सिटी हरबंस सिंह ने बताया कि दोनों सड़क हादसों की जांच की जा रही है। घटनास्थलों के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि दुर्घटना में शामिल वाहनों का पता लगाया जा सके। फिलहाल दोनों मामलों में कोई तहरीर नहीं मिली है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिए गए हैं।


