– मुख्यमंत्री धामी और डीजीपी दीपम सेठ ने मुख्यमंत्री आवास में किया अलंकरण, वर्ष 2005 में राज्य पुलिस सेवा से शुरू किया था सफर
DDC : पर्यावरण विज्ञान में एमएससी, एमफिल और पीएचडी करने वाले नैनीताल के एसपी क्राइम/ट्रैफिक डॉ. जगदीश चंद्र भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) में पदोन्नत हो गए हैं। शनिवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ ने उन्हें प्रतीक चिह्न अलंकृत कर शुभकामनाएं दीं। नैनीताल जिला पुलिस में उनकी एसपी क्राइम/ट्रैफिक के रूप में तैनाती राज्य पुलिस सेवा के अधिकारी के तौर पर आखिरी जिला पोस्टिंग रही।
वैज्ञानिक से आईपीएस तक का सफर
डॉ. जगदीश चंद्र ने वर्ष 2002 से 2005 तक भारतीय वानिकी अनुसंधान एवं शिक्षा परिषद (आईसीएफआरई), देहरादून में वैज्ञानिक के रूप में सेवाएं दीं। उन्होंने जीबी पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, पंतनगर से पर्यावरण विज्ञान में एमएससी और जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय, नई दिल्ली से एमफिल एवं पीएचडी की उपाधि हासिल की है। उन्हें आईसीएआर-जेआरएफ और सीएसआईआर-यूजीसी की जेआरएफ/एसआरएफ फेलोशिप भी मिली।
वर्ष 2005 में राज्य पुलिस सेवा में शामिल होने के बाद उन्होंने देहरादून, चमोली और ऊधमसिंह नगर में डीएसपी के रूप में जिम्मेदारी संभाली। वर्ष 2013 में अपर पुलिस अधीक्षक पद पर पदोन्नत हुए। इसके बाद देहरादून, काशीपुर और हल्द्वानी में एसपी सिटी सहित विभिन्न पदों पर सेवाएं दीं। वह 31वीं वाहिनी और आईआरबी-1 में डिप्टी कमांडेंट भी रहे।
नंदा राजजात से कुंभ और कोविड ड्यूटी तक योगदान
पुलिस सेवा के दौरान डॉ. चंद्र ने नंदा राजजात यात्रा, कुंभ मेला और कोरोना काल में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं। पुलिस बैंड के गठन में भी उनका योगदान रहा। नंदा राजजात यात्रा-2016 और कोविड ड्यूटी-2020 के लिए उन्हें सराहनीय सेवा सम्मान चिह्न से सम्मानित किया गया। वर्ष 2025 में केंद्रीय गृह मंत्रालय की ओर से उन्हें सराहनीय सेवा के लिए पुलिस पदक भी प्रदान किया गया।
शनिवार, 31 अक्टूबर 2026 को मुख्यमंत्री आवास के सभागार में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और डीजीपी दीपम सेठ ने डॉ. जगदीश चंद्र के साथ शाहजहां जावेद खान को भी प्रतीक चिह्न अलंकृत कर आईपीएस पदोन्नति की शुभकामनाएं दीं।


