– ऊंचापुल चौराहे के पास वर्कशॉप में लगी आग ने कुछ ही मिनटों में लिया विकराल रूप, डेढ़ लाख की नकदी, लाखों के स्पेयर पार्ट्स और फर्नीचर राख, शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका
DDC : ऊंचापुल चौराहे के पास रविवार दोपहर एक कार सर्विस सेंटर में आग लगने से हड़कंप मच गया। वर्कशॉप में रखे टायर और मोबिल ऑयल आग की चपेट में आए तो लपटों ने कुछ ही देर में पूरे परिसर को घेर लिया। आग की भयावहता इतनी अधिक थी कि कर्मचारी चाहकर भी सामान बाहर नहीं निकाल सके। हादसे में करीब डेढ़ लाख रुपये की नकदी, फर्नीचर, लाखों रुपये के स्पेयर पार्ट्स और अन्य सामान जलकर नष्ट हो गया। सूचना पर पहुंची दमकल की टीम ने करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया।
सर्विस सेंटर भगवानपुर निवासी विजय कुमार का है। रविवार को घटना के वक्त वह किसी काम से बाजार गए हुए थे। वर्कशॉप में कर्मचारी अपने काम में जुटे थे। इसी बीच संचालक के केबिन के नजदीक रखे फर्नीचर से धुआं निकलता दिखाई दिया। कर्मचारी कुछ कर पाते, इससे पहले ही आग ने लपटों का रूप ले लिया। देखते ही देखते केबिन से होते हुए आग वर्कशॉप के दूसरे हिस्सों तक फैल गई। वहां रखे मोबिल ऑयल और टायरों ने आग को और भड़का दिया। लपटें उठती देख आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया।
घटना की जानकारी मिलते ही सीएफओ गौरव किरार और मुखानी थानाध्यक्ष सुशील जोशी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। दमकल कर्मियों ने आग बुझाने का अभियान शुरू किया। एफएसओ मिंदर पाल सिंह के मुताबिक, शुरुआती पड़ताल में शॉर्ट सर्किट आग लगने की वजह माना जा रहा है। हालांकि इसकी पुष्टि विस्तृत जांच के बाद ही हो सकेगी।
अग्निकांड में करीब डेढ़ लाख रुपये की नकदी, फर्नीचर, लाखों रुपये के स्पेयर पार्ट्स, बिल बुक और एक स्कूटी पूरी तरह जल गई। आग की गर्मी और लपटों से सर्विस सेंटर के सीसीटीवी कैमरे भी नष्ट हो गए। गनीमत रही कि वर्कशॉप में खड़ी कार आग की चपेट में आने से बच गई।
आग बुझाने के दौरान थम गई वाहनों की रफ्तार
हल्द्वानी : सर्विस सेंटर में आग की खबर फैलते ही घटनास्थल पर तमाशबीनों का जमावड़ा लग गया। दमकल की गाड़ियों और पुलिस बल की तैनाती के कारण ऊंचापुल चौराहे के आसपास यातायात व्यवस्था चरमरा गई। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। पुलिसकर्मियों को यातायात सामान्य कराने के लिए काफी देर तक जूझना पड़ा।
धुएं के गुबार से घिरा रहा इलाका
हल्द्वानी : वर्कशॉप में रखे टायर, मोबिल ऑयल और दूसरे ज्वलनशील पदार्थों के धू-धूकर जलने से काले धुएं का गुबार आसमान में फैल गया। धुएं का असर काफी दूर तक दिखाई दिया और करीब दो घंटे तक क्षेत्र धुएं से घिरा रहा। आसमान में उठती आग की लपटें और धुएं का गुबार देखकर आसपास के दुकानदारों और स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई। बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जमा हो गए।


