– पिथौरागढ़ बस अड्डे के पास सेल्फी लेते वक्त हुआ हादसा, सिर पर गहरी चोट की वजह से हुई मौत
Selfie claims young man’s life, DDC : उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले में सेल्फी के शौक ने एक युवक की जान ले ली। सेल्फी लेते वक्त अचानक युवक का संतुलन बिगड़ गया और वह सिर के बल गिर गया। गंभीर अवस्था में उसे उपचार के लिए डॉ.सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय लाया गया, लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया है।
पुलिस के मुताबिक, ढूंगातोली, बलुवाकोट पिथौरागढ़ निवासी 27 वर्षीय प्रकाश कुमार टम्टा 18 जनवरी को किसी काम से बाजार गए थे। बताया जा रहा है कि पिथौरागढ़ रोडवेज बस स्टेशन के पास सेल्फी लेने के दौरान अचानक गिर गए। जिसके बाद घायल अवस्था में उन्हें जिला अस्पताल पिथौरागढ़ ले जाया गया।
हालत नाजुक होने पर प्रकाश को डॉ.सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय रेफर कर दिया गया। यहां 20 जनवरी की रात उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। युवक के सिर पर गहरी चोट लग गई थी। कोतवाल विजय मेहता ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।


