– परिवार के साथ घरेलू सामान लेने के लिए गए थे बाजार, सड़क पार करते वक्त तेज रफ्तार कार ने लिया चपेट में
Teacher hit by car, DDC : नैनीताल जिले के हल्द्वानी स्थित मुखानी थाना क्षेत्र में परिवार के साथ खरीदारी करने निकले सरकारी शिक्षक को एक तेज रफ्तार कार ने अपनी चपेट में ले लिया। घटना उस वक्त हुई जब शिक्षक सड़क पार कर दुकान की ओर जा रहे थे। शिक्षक की हालत बेहद नाजुक है। घटना से जुड़ा एक सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।
रॉयल इंक्लेव मुखानी में रहने वाले महेंद्र सिंह, चकलुवा में सहायक अध्यापक हैं। मूलरूप से वह मछियाड़, पाटी चम्पावत के रहने वाले हैं। मुखानी पुलिस को दी तहरीर में महेंद्र के ससुर इंक्लेव रॉयल निवासी उत्तम सिंह परवाल ने बताया, बीते शनिवार की शाम करीब साढ़े 6 बजे उनके दामाद महेंद्र अपने परिवार के साथ बाजार खरीदारी करने के लिए घर से निकले थे।
वह सड़क पार कर एक दुकान की ओर जा रहे थे कि तभी तेज रफ्तार कार ने उन्हें टक्कर मार दी। इस घटना से जुड़े सीसीटीवी फुटेज में नजर आ रहा है कि कार की टक्कर के बाद महेंद्र कई फीट हवा में उछले और फिर काफी दूर जा गिरे। मुखानी थानाध्यक्ष दिनेश जोशी ने बताया कि मामले में तहरीर मिली है। आरोपी चालक व कार की तलाश की जा रही है।


