मोबाइल में प्रेमिका की चैट देख फटा पत्नी का गुस्सा, बैठ गई धरने पर

हल्द्वानी में पत्नी ने पकड़ी पति से प्रेमिका की चैट।

– डिलीवरी के समय “दोस्त” बनकर आई महिला निकली पति की गर्लफ्रेंड, टैक्सी चालक पर विवाहेतर संबंध के आरोप

Wife caught husband’s chat, DDC : नैनीताल जिले के हल्द्वानी में पति के मोबाइल में प्रेमिका से हो रही चैटिंग ने एक घर में ऐसा बवाल खड़ा कर दिया कि पत्नी सीधे कोतवाली पहुंच गई और महिला सेल में धरने पर बैठ गई। काफी देर तक चले हंगामे के बाद पुलिस को बीच-बचाव करना पड़ा और किसी तरह महिला को समझाकर घर भेजा गया।

मामला शहर कोतवाली क्षेत्र का है। बस स्टेशन के पास रहने वाले एक टैक्सी चालक की शादी करीब पांच साल पहले हुई थी। शनिवार को अचानक उसकी पत्नी महिला सेल पहुंची और पति पर दूसरी शादीशुदा महिला से संबंध होने का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा करने लगी।

पत्नी ने पुलिस को बताया कि कुछ समय पहले जब वह गर्भवती थी और प्रसव के लिए अस्पताल में भर्ती थी, तब उसके पति ने एक महिला को अपना करीबी दोस्त बताकर उसकी देखभाल के लिए बुलाया था। उस समय उसे लगा कि पति का कोई जानकार मदद के लिए आया है, लेकिन बाद में वही महिला उसके वैवाहिक जीवन में “विलेन” बनकर सामने आ गई।

महिला का आरोप है कि हाल ही में उसने अपने पति को मोबाइल पर किसी महिला से घंटों चैट करते पकड़ लिया। जब उसने मोबाइल चेक किया तो पता चला कि वह वही महिला है, जो अस्पताल में उसकी सेवा के नाम पर आती-जाती थी। यह बात सामने आते ही पत्नी का पारा सातवें आसमान पर पहुंच गया।

गुस्से में महिला सीधे कोतवाली स्थित महिला सेल पहुंची और पति व कथित प्रेमिका को बुलाकर सच्चाई सामने लाने की मांग करते हुए वहीं धरने पर बैठ गई। काफी देर तक महिला अपनी मांग पर अड़ी रही, जिससे महिला सेल में हलचल मची रही।

महिला सेल प्रभारी सुनीता कुंवर ने महिला को शांत कराते हुए भरोसा दिलाया कि पति और संबंधित महिला को बुलाकर काउंसलिंग कराई जाएगी। इसके बाद महिला को किसी तरह समझाकर घर भेज दिया गया।

पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों को बुलाकर जल्द ही काउंसलिंग कराई जाएगी, जिसके बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back To Top