. ज्योति के साथ सुनीता भट्ट की रात भी गुजरी हवालात में, 23 घंटे तक हवालात से निकालने की लगाती रही गुहार
Bloggers Jyoti and Sunita spent the night in custody, DDC : नैनीताल में हल्द्वानी पुलिस ने तब तक जुबानी विवाद को नजरअंदाज किया, जब तक विवाद सड़क पर नहीं आ गया। हल्द्वानी की चौपाटी में ब्लॉगर ज्योति अधिकारी और सुनीता भट्ट के बीच जुबानी जंग और मारपीट के बाद पुलिस ने दोनों को हिरासत में ले लिया। दोनों को काठगोदाम थाने की एक ही हवालात में बंद कर दिया गया। 23 घंटे तक दोनों एक ही हवालात में बंद रहे। मच्छर उन्हें नोंचते रहे और दोनों छोड़ देने की गुहार लगाते हुए रातभर फूट-फूटकर रोते रहे। हालांकि रिहाई 23 घंटे बाद ही मिली।
सोशल मीडिया पर ज्योति अधिकारी और सुनीता भट्ट के हजारों फॉलोवर्स हैं। सोशल मीडिया पर दोनों एक-दूसरे पर तंज करते और गाली-गलौज करते अपने फॉलोवर्स का मनोरंजन करते आ रहे थे। हालांकि बुधवार को विवाद सोशल मीडिया से निकल कर नैनीताल रोड स्थित चौपाटी तक पहुंच गया। एक-दूसरे पर आरोप लगाती दोनों ब्लॉगर ने चौपाटी में तमाशा खड़ा कर दिया। दोनों एक-दूसरे के परिवार और पतियों को गालियां देने लगीं।
सूचना मिलते ही काठगोदाम पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। दोनों को संभालना पुलिस के लिए भी मुश्किल हो गया। खासतौर पर ज्योति आपा खोती नजर आई। वहां मौजूद लोगों ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया और कुछ ही देर में मारपीट, गाली-गलौज का ये वीडियो सोशल मीडिया पर सुर्खियां बटोरने लगा। पुलिस ने किसी तरह दोनों को काबू किया और हवालात में ठूंस दिया।
पहले कुछ वक्त तक दोनों को अलग-अलग रखा गया, लेकिन बाद में एक ही हवालात में बंद कर दिया गया। बताया जाता है कि हवालात के पीछे पहुंचते ही दोनों के तल्ख तेवर नरम पड़ गए और दोनों छोड़ने की गुहार लगाने लगे। हालांकि उनके आंसुओं का पुलिस पर कोई फर्क नहीं पड़ा। रात भर मच्छर दोनों को नोंचते रहे। इससे परेशान दोनों ब्लॉगर फूट कर रोने लगे। पुलिस अगली शाम दोनों को छोड़ा। थानाध्यक्ष विमल मिश्रा ने बताया कि दोनों के खिलाफ बीएनएसएस की धारा 172 के तहत कार्रवाई की गई और गुरुवार शाम को छोड़ दिया गया।
छोड़ने से पहले दोनों से माफीनामा लिखवाया। एसएसपी डॉ.मंजूनाथ टीसी ने बताया कि पुलिस दोनों पर मुकदमा भी दर्ज करेगी। अराजकता किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही इनके साथ आए लोगों को पूछताछ के लिए बुलाया जाएगा।
ज्योति और सुनीता के खिलाफ दी तहरीर
ब्लॉगर ज्योति अधिकारी और सुनीता भट्ट के खिलाफ पर्वतीय मोहल्ला निवासी विशाल वर्मा और अंजलि वर्मा ने एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टीसी को तहरीर दी। शिकायतकर्ताओं दोनों ब्लॉगर के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए कहा, दोनों ब्लॉगर की वजह से शहर और पूरे राज्य की छवि धूमिल हो रही है। इससे समाज में गलत छवि व संदेश जा रहा है। उन्होंने एसएसपी से उक्त प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए दोनों महिला ब्लॉगर्स के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने किये जाने की मांग की है, ताकि भविष्य में दोबारा इस प्रकार की घटना ना हो।
जो खुलेआम जमकर लड़े, उन्होंने एक साथ शांति से गुजारी रात
कुछ घंटों पहले तक एक-दूसरे की इज्जत को सरेआम उछाल रहीं इन महिला ब्लॉगर ने कभी सोचा भी नहीं होगा कि उन्हें एक साथ एक ही छत के नीचे रात गुजारनी पड़ेगी। थाने ले जाने पर भी उन्हें इस बात का अंदेशा नहीं था, लेकिन कुछ वक्त अलग-अलग बैठाने के बाद जब पुलिस ने उन्हें हवालात के अंदर डाला तो दोनों की सारी हेकड़ी निकल गई। कुछ घंटे पहले तक जान लेने पर आमादा दोनों ब्लॉगर को जब एहसास हुआ कि अगर अब भी वह झगड़े तो बात हाथ से निकल सकती है। इसके बाद दोनों रोए, परेशान भी हुए, लेकिन हवालात के अंदर झगड़े नहीं।


