– पर्यटन सुविधा बढ़ाने, ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने और योजनाओं को आमजन तक पहुंचाना मुख्य लक्ष्य : डीएम ललित मोहन रयाल
Lalit Mohan Raiyal is the new District Magistrate of Nainital, DDC : नैनीताल जिले के नवागंतुक जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने मंगलवार को नैनीताल के जिलाधिकारी पद का कार्यभार संभाल लिया। कार्यभार ग्रहण के बाद उन्होंने कहा कि आमजन की समस्याओं का समयबद्ध समाधान, सरकार की योजनाओं को प्रभावी रूप से जनता तक पहुंचाना और विकास कार्यों को पारदर्शिता के साथ समय पर पूरा करना उनकी शीर्ष प्राथमिकताएं रहेंगी।
डीएम ने कोषागार नैनीताल पहुंचकर द्वितालक में जमा अभिलेखों, स्टांपों एवं संबंधित दस्तावेजों का परीक्षण किया और औपचारिक रूप से पदभार ग्रहण किया। इसके बाद उन्होंने कहा कि पर्यटन सुविधाओं को बढ़ाना, ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू बनाना और आम जनता के कार्यों को सरल व त्वरित गति से निपटाना प्रशासन का मुख्य उद्देश्य होगा।
उन्होंने मुख्य विकास अधिकारी एवं राजस्व विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर जिले में चल रहे विकास कार्यों और राजस्व मामलों की जानकारी ली। डीएम ने निर्देश दिए कि सभी अधिकारी पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ जनता से संवाद बनाए रखें, ताकि किसी स्तर पर संवादहीनता न हो। उन्होंने कहा कि अधिकारी जनता के कार्यों को प्राथमिकता दें और जनशिकायतों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करें।
डीएम ने ग्राम्य विकास, कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन, समाज कल्याण, बाल विकास, पंचायतीराज सहित विभिन्न विभागों की योजनाओं की समीक्षा करते हुए कहा कि प्रत्येक पात्र लाभार्थी को सरकारी योजनाओं का लाभ मिले, इसके लिए विभाग समयबद्धता और गंभीरता से कार्य करें। उन्होंने जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र और यूसीसी प्रमाणपत्र जारी करने में विलंब न होने के निर्देश भी दिए।
उन्होंने सभी उपजिलाधिकारियों से उनके न्यायालयों में लंबित वादों की जानकारी लेते हुए कहा कि राजस्व विरासत से संबंधित प्रकरणों का निस्तारण राजस्व मैनुअल के अनुसार निर्धारित समय में किया जाए।
इससे पूर्व नवागंतुक जिलाधिकारी के जनपद आगमन पर उन्हें पुलिस ने गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। कार्यभार ग्रहण करने पर विभिन्न प्रशासनिक अधिकारियों और कर्मचारियों ने उनका स्वागत किया।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी अनामिका, अपर जिलाधिकारी विवेक कुमार, शैलेन्द्र सिंह नेगी, सचिव जिला विकास प्राधिकरण विजय नाथ शुक्ल, उप जिलाधिकारी प्रमोद कुमार, परितोष वर्मा, रेखा कोहली, राहुल वर्मा, बीसी पंत, नवाजिश खलिक, मुख्य कोषाधिकारी कमलेश भंडारी सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।


