आरएसएस के जिला कार्यवाह के बेटे ने गला रेत कर जान दी

– जान देने से दो घंटे पहले यू-ट्यूब पर अपलोड किया वीडियो, माता-पिता से माफी मांगते हुए बोला-अब बर्दाश्त नहीं होता दर्द

RSS district worker’s son committed suicide, DDC : राष्ट्रीय स्वयं सेवक (आरएसएस) के नैनीताल जिला कार्यवाह राहुल जोशी से 22 वर्षीय बेटे सजल जोशी ने गला रेत कर जान दे दी। जान देने से पहले उसने यू-ट्यूब पर आखिरी वीडियो अपलोड किया। जान देने की वजह बताई और माता-पिता से माफी मांगने के बाद अपना गला रेत लिया। वह रीढ़ के असहनीय दर्द और आईबीएस नाम की बीमारी से ग्रसित था। सर्जल की मौत से परिवार में कोहराम मचा है।

कोतवाली क्षेत्र के हीरानगर निवासी जिला कार्यवाह राहुल जोशी यहां परिवार के साथ रहते हैं और प्रतिष्ठित कारोबारी हैं। उनकी पत्नी गढ़वाल स्थित गोपेश्वर कॉलेज में प्रोफेसर हैं। परिवार में दो बेटों में छोटा सजल है। सजल लंबे समय से स्लिप डिस्क से परेशान था। इस असहनीय दर्द की वजह से वह डिप्रेशन में चला गया था। बताया जाता है कि सोमवार की शाम वह अपने कमरे में चला गया।

कमरे उसने एक आखिरी वीडियो यू-ट्यूब पर अपलोड किया और जान देने की वजह बताई। जिसके बाद उसने कमरे में ही चाकू से अपना गला रेत डाला। परिजन जब कमरे में पहुंचे तो कमरा खून से लाल और सजल वहां पड़ा था। यह देख परिजनों के होश फाख्ता हो गए। आनन-फानन में परिजन उसे लेकर डॉ.सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को मॉर्चरी में रखवा दिया है। एसपी सिटी प्रकाश चंद्र ने बताया कि मामला आत्महत्या है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।

अच्छा खेलता था टेबल टेनिस, कर चुका था बीबीए
बताया जाता है कि सजल एक होनहार लड़का था, लेकिन अपने दर्द से नहीं लड़ सका। उसने न सिर्फ बीबीए की पढ़ाई की बल्कि टेबल टेनिस का भी वह अच्छा खिलाड़ी था। यूट्यब पर उसका एक चैनल भी है और इस पर उसके 8 हजार से ज्यादा फॉलोवर्स हैं। परिजनों को इस बात का एहसास तक नहीं था कि सजल आत्मघाती कदम उठा सकता है। इस घटना से पहले सजल के पिता राहुल आरएसएस की बैठक की तैयारियों में जुटे थे। इसी बीच उन्हें हादसे की खबर मिली। जैसे ही भाजपा व संघ के लोगों को सजल की मौत की खबर लगी तो हर कोई अस्पताल पहुंच गया।

यू-ट्यूब पर अपलोड आखिरी वीडियो में सजल बोला…
हल्द्वानी : जान देने से दो घंटे पहले यू-ट्यूब पर अपने चैनल पर सजल ने 6 मिनट 32 सेकेंड का वीडियो अपलोड किया। वीडियो में सजल ने कहा, “इस वीडियो को मैं इसलिए अपलोड कर रहा हूं, क्यों मेरे पास कोई और जगह नहीं है, जहां मैं वीडियो को अपलोड कर सकूं। ढाई-तीन महीने पहले मेरे लोअर बैक पेन शुरू हुआ। करीब डेढ़ माह पहले डायग्रनोज कराया तो स्लिप डिस्क निकल कर आया। मुझे बेहद पेन शुरू हो गया।”

जो पेन हुआ, उसे मैंने कभी इमेजिन नहीं किया था
“मैने सारे ट्रीटमेंट कराए, लेकिन पेन कम नहीं हुआ। तीन-चार दिन पहले सीढ़ियों से उतरते वक्त गिर गया और सारा लोड मेरी रीढ़ की हड्डी पर आया। इसके बाद जो पेन हुआ उसे मैंने कभी सोचा नहीं था। फिर पेन लगातार बढ़ने लगा और मुझे स्ट्रेस हो गया। मुझे 2024 में हुआ आईबीएस हुआ था, जो इस दर्द की वजह से फिर शुरू हो गया। मैंने बहुत कोशिश की इससे बाहर निकलने की, लेकिन ये पेन कम नहीं हुआ।”

मैं चाहूंगा ये दर्द आपको न हो
“मुझे पता है कि लोग बोलेंगे कि इतना सेंस्टिव नहीं होना चाहिए था, लेकिन मैं चाहूंगा कि ये दर्द आपको न हो। डाक्टर को दिखाता था, तो उनके पास कोई समाधान नहीं होता था। मैं मेंटली इतना स्ट्रॉंग नहीं हूं कि दोबारा इधर से उधर धक्के खाऊं।”

अपने मम्मी-पापा के लिए मैं ग्रेटफुल हूं
“ये मेरा खुद का डीसीजन है। मम्मी-पापा सॉरी, मुझे पता है कि ये चीज आपको हर्ट करेगी। अपने दिमाग में ये कभी मत रखना कि आपने मेरा ध्यान नहीं रखा। मुझे एक्टिंग सीखना था, आपने सिखाई, मैं जहां कहा वहां आपने इलाज कराया। मैं इसके लिए ग्रेटफुल हूं। अपनी 22 साल की जर्नी में किसी को भी हर्ट किया तो प्लीज मुझे माफ कर देना।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back To Top