– पहाड़ की महिलाओं और देवी-देवताओं के अपमान पर सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर ज्योति अधिकारी पर मुकदमा
FIR filed against social media influencer Jyoti Adhikari, DDC : अपनी बेबाकी के लिए जानी जाने वाली नैनीताल जिले के हल्द्वानी की सोशल मीडिया इंफ्लुएंस ज्योति अधिकारी कानूनी पचड़े में फंस चुकी हैं। एक महिला की तहरीर पर ज्योति के खिलाफ मुखानी थाना पुलिस ने कई गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। ज्योति पर पहाड़ की महिलाओं और देवी-देवताओं के अपमान का आरोप लगा है। गुरुवार को पुलिस ने उन्हें थाने बुलाकर करीब साढ़े पांच घंटे तक पूछताछ की। जिसके बाद पुलिस ज्योति को थाने से लेकर निकली और प्रदर्शन के दौरान लहराई दराती बरामद कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
हिम्मतपुर मल्ला ऊंचापुल मुखानी निवासी जूही चुफाल ने हरिपुर लालमणी, किशनपुर घुड़दौड़ा निवासी ज्योति अधिकारी पत्नी गोपाल सिंह अधिकारी के खिलाफ तहरीर दी। जूही ने आरोप लगाया कि उन्हें सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे विभिन्न वीडियो के जरिये जानकारी में आया कि ज्योति अधिकारी ने सार्वजनिक स्थान पर एक दराती को लहराते हुए उत्तराखंड की महिलाओं, संस्कृक्ति और उत्तराखंड के देवी-देवताओं पर बेहद अपमानजनक कथन, टिप्पणी और भद्दी भाषा का प्रयोग किया। इस प्रकार ज्योति अधिकारी ने खुले आम सार्वजनिक स्थान पर दराती लहराते हुए अपने इस कथन और कृत्य से स्थानीय संस्कृति के प्राचीन हिन्दू भगवान, देवी-देवताओं का घोर अपमान किया है।
मुखानी थानाध्यक्ष सुशील जोशी ने बताया कि तहरीर के आधार पर ज्योति अधिकारी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 27, 192, 196, 299 व 302 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। उन्हें नोटिस जारी कर अपना पक्ष रखने व पूछताछ के लिए बुलाया गया था। गुरुवार को ज्योति से करीब साढ़े पांच घंटे पूछताछ की गई। ज्योति की निशानदेही पर दराती बरामद कर ली गई है। इसी के साथ ज्योति को गिरफ्तार कर लिया गया है।
“बच्ची है, जिगरा है तो मैदान में आना”
पुलिस ने नोटिस ज्योति अधिकारी के घर पहुंच कर उन्हें तामील कराया। इस दौरान ज्योति लगातार लाइव वीडियो बनाती रहीं। जब वह अपने पति के साथ कार में सवार होकर घर से थाने के लिए निकलीं तो उन्हें फिर एक लाइव वीडियो बनाया, जिसमें उन्होंने मुकदमा दर्ज करने वाली जूही को निशाने पर लिया।
वीडियो में उन्होंने कहा, “जिसने भी ये केस किया है, सुनने आया है वो भी महिला ही है, बच्ची है। मैं उस महिला से कहना चाहती हूं, बहन आना जरूर सामने। ऐसा न हो ऑनलाइन केस करके फिर आप घर में रहें। तो जिगरा थोड़ा मैदान में भी आकर दिखाओ। तो मैं तो निकल गई बहन अगर तेरे में थोड़ा भी जिगरा है तो सामने आ जाना आज। हम भी देख लेंगे। क्यों, नेताड़ी बनने का ज्यादा शौक चढ़ा है, आजा सारे शौक निकलवाऊं मैं।”


