गर्मियों की छुट्टियां मनाने मामा के घर आई भांजी को डंपर ने कुचला

बनभूलपुरा में शनिबाजार रोड पर किशोरी को डंपर ने कुचला।

– शनिबाजार रोड पर हुआ हादसा, स्कूटी पर ममेरी बहन के साथ थी मृतका

Banbhoolpura Teen Crushed to Death by Dumper, DDC : नैनीताल जिले के हल्द्वानी स्थित शनिबाजार रोड पर सोमवार शाम दर्दनाक हादसा हो गया। मुरादाबाद से छुट्टियों में मामा के घर आई आई स्कूटी सवार दो किशोरियों को तेज रफ्तार डंपर ने अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में एक किशोरी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी बाल-बाल बच गई। घटना के बाद डंपर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। मौके पर भीड़ हंगामा करने लगी। सूचना पर पहुंची बनभूलपुरा पुलिस ने किसी तरह मामला शांत कराया।

जानकारी के मुताबिक, मूलरूप से मुरादाबाद उत्तर प्रदेश की रहने वाली आदिया (14 वर्ष) पुत्री अब्दुल रहमान गर्मी की छुट्टियां मनाने बनभूलपुरा के इंद्रानगर बरसाती में रहने वाले अपने मामा के घर आई थी। सोमवार शाम आदिया अपने मामा की बेटी के साथ स्कूटी पर सवार होकर दुकान से सौदा खरीदने निकली थी। वह शनिबाजार रोड पर थे कि गौलापार की ओर से आए तेज रफ्तार डंपर ने स्कूटी में टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही आदिया डंपर के पहिये के नीचे आ गई और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। जबकि स्कूटी सवार उसकी मामा की बेटी बाल-बाल बच गई।

हादसा होते ही चालक, डंपर छोड़ कर मौके से फरार हो गया। पलभर में मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई और हंगामा करने लगी। सूचना मिलते ही बनभूलपुरा कोतवाली से एसआई मनोज यादव मय टीम के मौके पर पहुंच गए। बीच सड़क खड़े डंपर की वजह से शनिबाजार रोड पर लंबा जाम लग चुका था। पुलिस ने बमुश्किल लोगों को शांत कराया और डंपर को सड़क से हटाने के बाद आदिया के शव को मॉर्चरी भेजा।

एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया कि हादसे में एक किशोरी की मौत हुई है। डंपर को कब्जे में ले लिया गया है और चालक की तलाश की जा रही है। इसके अलावा घटना स्थल के आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि घटना का कारण स्पष्ट हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back To Top