टांडा जंगल में हादसा, ग्राम विकास अधिकारी समेत दो की मौत

टांडा जंगल में एक्सीडेंट में ग्राम विकास अधिकारी की मौत।
– सोमवार रात टांडा जंगल में हुई थी दो बाइक की आमने-सामने भिड़ंत, हादसे में ग्राम विकास अधिकारी समेत दो की मौके पर हो गई थी मौत
 
DDC : टांडा जंगल में दो बाइक की आमने-सामने हुई भिड़ंत में ग्राम विकास अधिकारी समेत दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि दो लोग बुरी तरह घायल हो गए थे, जिसमें एक फौजी था, जो कुछ समय पहले ही छुट्टी लेकर घर आया था। घायल दोनों की हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है और दोनों को डॉ.सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय से रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने मंगलवार को ग्राम विकास अधिकारी और दूसरे शव को पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों के सुपुर्द कर दिए हैं।
पुलिस के अनुसार सोमवार शाम करीब सात बजे एस-मोड़ से लगभग 200 मीटर पहले दो बाइकों की जोरदार भिड़ंत हो गई। इसके पीछे ओवरटेक को वजह माना जा रहा है। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बेतालघाट में ग्राम विकास अधिकारी के पद पर तैनात मंगोलिया, कालाढूंगी निवासी 30 वर्षीय सौरभ बिष्ट पुत्र स्व. कुंदन सिंह बिष्ट की और 28 वर्षीय राजू गुप्ता पुत्र कृष्ण मुरारी लाल निवासी वार्ड नंबर छह, रम्पुरा, रुद्रपुर की मौके पर ही मौत हो गई।
जबकि कालाढूंगी बंदोबस्ती निवासी 32 वर्षीय बृजेश सती पुत्र जगदीश चंद्र सती और रुद्रपुर के रम्पुरा निवासी 50 वर्षीय प्रेम शंकर शर्मा पुत्र गंगाधर शर्मा गंभीर रूप से घायल हुए। दोनों को गंभीर अवस्था में डॉ.सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय पहुंचाया गया। हालत नाजुक होने पर दोनों को दूसरे अस्पताल रेफर कर दिया गया।
बृजेश सती सैन्य कर्मी हैं और वर्तमान में छुट्टी पर घर आए हुए थे। उनकी हालत बेहद नाजुक बनी हुई है। ग्राम विकास अधिकारी सौरभ बिष्ट और बृजेश सती अच्छे दोस्त थे। दोनों सोमवार को रुद्रपुर में सेकेंड हैंड गाड़ी खरीदने गए थे और लौटते वक्त हादसा हुआ। एसपी सिटी हरबंस सिंह ने बताया कि दोनों मृतकों के शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिए गए हैं। मामले की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back To Top