🔴 107 पुलिसकर्मी तैनात, PAC–SDRF–CPU–फायर ब्रिगेड अलर्ट; 15 फरवरी को रूट डायवर्जन लागू
Mahashivratri fair at Chota Kailash Temple, DDC : महाशिवरात्रि के मौके पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए भीमताल के छोटा कैलाश मंदिर क्षेत्र में सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के कड़े इंतजाम किए गए हैं। 15 फरवरी को शिवरात्रि है, लेकिन उससे पहले ही छोटा कैलाश में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा है। संभावित भीड़ और यातायात दबाव को देखते हुए पुलिस ने 107 पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर मेले और दर्शन व्यवस्था के लिए व्यापक सुरक्षा प्लान लागू किया गया है। शनिवार को एसपी क्राइम/ट्रैफिक ने अमृतपुर अमिया इंटर कॉलेज में ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों की ब्रीफिंग की। उन्होंने पार्किंग व्यवस्था सुचारू रखने, श्रद्धालुओं को कतारबद्ध तरीके से दर्शन कराने और शालीन व्यवहार बनाए रखने के निर्देश दिए।
सुरक्षा व्यवस्था के तहत 3 इंस्पेक्टर, 18 एसआई/एएसआई, 61 हेड कांस्टेबल व कांस्टेबल और 25 महिला कांस्टेबल तैनात किए गए हैं। भीड़ नियंत्रण और आपात स्थितियों से निपटने के लिए 2 प्लाटून PAC, SDRF की 2 टीमें, फायर ब्रिगेड की 2 टीमें, CPU और क्रेन भी मौके पर तैनात रहेंगी।
रूट डायवर्जन और पार्किंग प्लान देखकर चले श्रद्धालु
श्रद्धालुओं की सुविधा और जाम से बचाव के लिए पुलिस ने 15 फरवरी के लिए रूट डायवर्जन प्लान जारी किया है। कुछ मार्गों पर वन-वे व्यवस्था लागू रहेगी और भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
डायवर्जन व पार्किंग व्यवस्था (मुख्य बिंदु)
* अमृतपुर से छोटा कैलाश मार्ग वन-वे रहेगा। ग्राम पंचायत गेट बानना तिराहा (लामजाला) से वाहन धूरा तिराहा होते हुए ओपन थिएटर पार्किंग तक भेजे जाएंगे; यहां से मंदिर पैदल जाना होगा।
* वापसी में वाहन भटेलिया गांव होकर लामजाला तिराहा व अमृतपुर गेट के रास्ते लौटेंगे।
* भीमताल से आने वाले वाहन जंगलिया गांव → धूरा तिराहा → ओपन थिएटर पार्किंग भेजे जाएंगे; दर्शन पैदल होंगे।
* अमृतपुर गेट से छोटा कैलाश की ओर भारी वाहनों का प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा।
* काठगोदाम से अमृतपुर की ओर टेंपो व ई-रिक्शा पर रोक।
* ओपन थिएटर बैरियर से छोटा कैलाश मार्ग पर चारपहिया वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा।
* चारपहिया वाहन: डाक बंगला पार्किंग व ओपन थिएटर पार्किंग में खड़े होंगे।
* दोपहिया वाहन : गिरीश मोटर साइकिल पार्किंग व भास्कर चंद्र पलडिया मोटर साइकिल पार्किंग में पार्क होंगे।
पुलिस ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे रूट डायवर्जन का पालन करें, समय से निकलें और ट्रैफिक कर्मियों के निर्देशों का सहयोग करें ताकि दर्शन सुचारू और सुरक्षित रूप से हो सकें।


