– दोस्त के दिए चेक बाउंस हुए तो कोर्ट की शरण में पहुंचा पीड़ित, आर्थिक स्थिति खराब होने का हवाला देकर उधार मांगे थे रुपए
Sentenced for check bouncing, DDC : अपनी कमजोर आर्थिकी का हवाला देकर एक व्यक्ति ने अपने ही दोस्त को चार लाख रुपये का चूना लगा दिया। दोस्त ने दबाव डाला तो चेक थमा दिया और चेक बाउंस हो गया। बात नहीं बनी तो पीड़ित कोर्ट की शरण में पहुंचा। लगभग पांच साल बाद मामले में न्याय हुआ। कोर्ट ने आरोपी पर 2.10 लाख रुपए का जुर्माना और 6 साधारण कारावास की सजा सुनाई है।
राजेंद्र नगर वार्ड-2 हल्द्वानी निवासी गुरबचन सिंह का कहना था कि उससे दोस्त गौजाजाली निवासी मो.जुबैर ने आर्थिक परेशानी बताकर चार लाख रुपये उधार लिए थे। साथ ही वादा किया था कि कुछ महीने में ही वह सारी रकम लौटा देगा, लेकिन ऐसा उसने किया नहीं। गुरबचन ने तकादा शुरू किया तो जुबैर ने उन्हें दो-दो लाख रुपए के दो चेक थमा दिए। गुरबचन चेक लेकर बैंक पहुंचे और बैंक में चेक बाउंस हो गया।
चेक बाउंस होने के बाद गुरबचन ने कोर्ट में वाद दायर किया। अब पांच साल बाद न्यायालय सिविल जज व न्यायिक मजिस्ट्रेट ज्योति बाला ने मामले में सुनवाई करते हुए जुबैर को दोषी माना और उस पर 2.10 लाख रुपये जुर्माना लगाया। प्रतिकर के रूप में शिकायतकर्ता को दो लाख देने के आदेश जारी दिए। साथ ही दस हजार रुपये राजकोष में जमा किया जाएगा।


