नया बनाने के नाम पर ग्राहकों का सोना समेट कर ज्वैलर्स फरार

फरार ज्वैलर्स नरेंद्र रावत।

– करीब आधा दर्जन लोगों से बटोरा 228.23 ग्राम सोना और 3.60 लाख रुपए

Owner of Maa Bhagwati Jewellers absconds with jewellery, DDC : मुखानी थाना क्षेत्र से ठगी का एक बड़ा मामला सामने आया है। यहां एक सुनार ने अपने ही ग्राहकों को चूना लगा दिया। एक-एक कर करीब आधा दर्जन ग्राहकों से 228.23 ग्राम सोना और 3.60 लाख रुपए की नगदी जमा की। जिसके बाद अचानक दुकान में ताला लगाकर गायब हो गया। पीड़ितों ने मुखानी थाना में शिकायत की, लेकिन जब पुलिस ने कार्रवाई नहीं की तो वह फरियाद लेकर एसएसपी के पास पहुंचे। एसएसपी ने फरार ज्वैलर्स की तलाश में एसओजी और मुखानी थाना पुलिस को लगाया है।

मुखानी थानाक्षेत्र के लामाचौड़ में मां भगवती ज्वैलर्स है, जिसका मालिक नरेंद्र सिंह रावत और उसकी पत्नी पूजा रावत है। नरेंद्र मूलरूप से मोड़ी ताड़ीखेत अल्मोड़ा का रहने वाला है और पिछले कई वर्षों से कुरिया गांव लामाचौड़ में परिवार के साथ रह रहा था। मंगलवार को कुरिया गांव लामाचौड़ निवासी निर्मला निगलटिया, देवपुर देवका लामाचौड़ निवासी बसंती देवी, कठघरिया खेमपुर निवासी हेमलता दानू, गुजरौड़ा फतेहपुर निवासी पुष्पा कन्याल और घुनी नंबर 2 कठघरिया निवासी पूरन सिंह बोहरा एसएसपी डॉ.मंजूनाथ टीसी से मिले।

पीड़ितों ने एसएसपी को बताया कि नरेंद्र ने उनके पुराने गहने रिपेयर कर नया करने के नाम पर उनसे गहने और नगदी ली थी। गहने लेते वक्त उसने तय समय में गहने रिपेयर कर वापस करने का भरोसा दिया था, लेकिन ऐसा हुआ नहीं। 6 फरवरी को नरेंद्र दुकान बंद कर फरार हो गया। जिसके बाद एक-एक पीड़ित मुखानी थाना पहुंचे पुलिस से शिकायत की। आरोप लगाया कि मुखानी पुलिस ने उनकी शिकायत पर कार्रवाई नहीं की, जिसके बाद वह एसएसपी के पास पहुंचे।

एसएसपी डॉ.मंजूनाथ टीसी ने बताया कि सामूहिक धोखाधड़ी के मामले की गंभीरता को गंभीरता से लिया जा रहा है। मामले की जांच और आरोपी की तलाश के लिए एसओजी और थानाध्यक्ष मुखानी सुशील जोशी को लगाया गया है।

पति माल लेकर फरार, पत्नी ने लिखाई गुमशुदगी
हल्द्वानी : ज्वैलर्स नरेंद्र रावत लोगों का माल लेकर 6 फरवरी को फरार हो गया। जिसके बाद 7 फरवरी को नरेंद्र की पत्नी पूजा रावत ने मुखानी थाना में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई। पुलिस को दी शिकायत में पूजा ने लिखा, उनका पति 6 फरवरी को घर से स्कूटी पर सवार होकर निकला था। उसकी स्कूटी ऊंचापुल और कुसुमखेड़ा के बीच स्थित एक पेट्रोल पंप में खड़ी मिली। उसी रोज 3 बजे के बाद उसका फोन भी स्विच ऑफ हो गया।

इनसे इतना ले गया सोना और नगदी
– कुरिया गांव लामाचौड़ निवासी निर्मला निगलटिया से 20 ग्राम सोने के गहने
– देवपुर देवका लामाचौड़ निवासी बसंती देवी से 21.280 ग्राम सोने के गहने और 1 लाख रुपए
– कठघरिया खेमपुर निवासी हेमलता दानू से 26.4 ग्राम सोने के गहने और 75 हजार रुपए
– गुजरौड़ा फतेहपुर निवासी पुष्पा कन्याल से 20 ग्राम सोने के गहने और 1.85 लाख रुपए
– घुनी नंबर 2 कठघरिया निवासी पूरन सिंह बोहरा से 4.550 ग्राम सोने के गहने, 100 ग्राम सोने का सिक्का

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back To Top