पहाड़ नहीं चढ़े नितिन, हल्द्वानी से हल्द्वानी में तबादला

उत्तराखंड में सीओ के तबादले।

– इसी वर्ष जनवरी में बागेश्वर हुआ था नितिन लोहनी का तबादला, ताजा तबादले में सीओ हल्द्वानी को सीबीसीआईजी हल्द्वानी भेजा

Transfer of CO, DDC : पहाड़ चढ़ने से अधिकारी बचते हैं और ताजा तबादलों से यह बात साफ हो गई। इसी वर्ष जनवरी में सीओ सिटी नितिन लोहनी का बागेश्वर तबादला किया था, लेकिन उन्हें हल्द्वानी में ही रोक लिया गया। पिछले लगभग 10 महीनों से नितिन ही सीओ हल्द्वानी का चार्ज संभाल रहे थे। अब एक बार फिर तबादला लिस्ट जारी हुई और वह पहाड़ जाने से बच गए। यानी नितिन का हल्द्वानी से हल्द्वानी में सीबीसीआईडी में तबादला हो गया।

नितिन के साथ पुलिस मुख्यालय से तीन और लोगों का तबादला हुआ है। इनमें हरिद्वार में तैनात जूही मनराल को अभिसूचना मुख्यालय भेजा गया। जबकि सचिवालय/विधानसभा सुरक्षा में तैनात रविकांत सेमवाल को नैनीताल और 40वीं वाहिनी पीएसी में तैनात दिपेंद्र सिंह का हरिद्वार तबादला किया गया है।

बहरहाल, इससे पहले भी बड़ी संख्या में मैदान से पहाड़ को तबादले किए गए, लेकिन जुगाड़ वालों ने या तो अपना तबादला रुकवा लिया या फिर नई पोस्टिंग पर गए ही नहीं। याद हो तो जब डॉ.निलेश आनंद भरणे आईजी कुमाऊ थे, तब उन्होंने सैकड़ों की संख्या में कांस्टेबल के तबादले किए थे, लेकिन ज्यादातर पहाड़ जाने से बच गए।

इसी तरह बीती जनवरी में इंस्पेक्टर से सीओ बने 28 अधिकारियों और 18 सीओ के तबादले किए गए थे। सीओ की इस तबादला सूची में नितिन लोहनी का भी नाम था और उन्हें बागेश्वर ज्वाइन करना था, लेकिन किन्हीं कारणों से उन्हें हल्द्वानी में ही रोक लिया गया। अब जब नए तबादले हुए तो उन्हें सीबीसीआईडी हल्द्वानी का चार्ज मिला।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back To Top