छात्रसंघ चुनाव में पथराव, पुलिस से झड़प, भीड़ पर भांजी लाठी

– फर्जी एडमिट कार्ड निकालने के आरोप में आमने-सामने आए एबीवीपी और एनएसयूआई कार्यकर्ताओं में टकराव

Chaos in student union elections, DDC : एमबीपीजी छात्रसंघ चुनाव में पुलिस के दावों की हवा निकल गई। फर्जी एडमिट कार्ड को लेकर एबीवीपी और एनएसयूआई के कार्यकर्ता आमने-सामने गए। तीखी नोकझोंक और गाली-गलौज के बीच मारपीट हो गई। पुलिस स्थिति भांपती, इससे पहले ही दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर पथराव शुरू कर दिया। जिसके बाद पुलिस ने लाठी चार्ज कर सैकड़ों छात्रों को तितर-बितर किया। हालांकि उग्र छात्रों ने पुलिस पर भी हाथ छोड़ने से गुरेज नहीं किया। पुलिस कई लोगों को हिरासत में लिया है।

एमबीपीजी में मतदान के दौरान फर्जी वोटर के नाम पर एक युवक को पकड़ा गया। इसी के बाद मामला गरम हो गया। एनएसयूआई के लोगों ने आरोप लगाया कि इसके पीछे एबीवीपी है। एनएसयूआई के लोग उस स्थान की तलाश में जुट गए, जहां से फर्जी एडमिट कार्ड बनाकर वोटरों को अंदर भेजा जा रहा है। तलाश करती भारी भीड़ दुर्गा सिटी सेंटर में मौजूद एक साइबर कैफे में पहुंच गई। यहां कई लोग एडमिट कार्ड निकलवा रहे थे।

आरोप लगा कि इसी सेंटर से फर्जी एडमिट कार्ड निकाले जा रहे हैं, जिसके बाद हंगामा हो गया। लोग सेंटर को बंद कराने की मांग कर लगे और इसी दरम्यान एबीवीपी और एनएसयूआई के लोग आमने-सामने गए। गाली-गलौज और मारपीट के दरम्यान कुछ लोगों ने पत्थरबाजी कर दी। जिसके बाद पुलिस को लाठी भांजनी पड़ी। पुलिस ने उग्र हुए लोगों को लठियाते हुए काफी दूर तक ले गई और चेतावनी दी कि कोई अब आगे नहीं आएगा। कोतवाल अमर चंद्र शर्मा का कहना है कि मामले में अभी किसी पक्ष की ओर से तहरीर नहीं मिली है।

इधर, कॉलेज के बाहर रैली निकाल रहे लोगों को रोकने पर पुलिस से झड़प गई। लोग पुलिस से उलझ गए और जब पुलिस ने जबरन उन्हें रोकने का प्रयास किया तो भीड़ मौजूद कुछ लोगों ने पुलिस पर हाथ छोड़ने से भी गुरेज नहीं किया। पुलिस ने यहां से कुछ लोगों को हिरासत में लिया है। एसपी क्राइम डॉ.जगदीश चंद्र का कहना है कि अराजकता किसी पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। शांति व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की जिम्मेदारी है और इसका उलंघन करेगा उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back To Top