जंगल में मौत बनकर टूटा मधुमक्खियों का झुंड, युवक की मौत

जंगली मधुमक्खियों के हमले में युवक की मौत।

– रुद्रपुर में घर लौट रहे युवक पर किया जंगली मधुमक्खियों ने हमला, शरीर में आई सूजन, सांस लेने में परेशानी, दर्द और बेचैनी में हुई मौत

DDC : घर लौटने के लिए जंगल का रास्ता पकड़ना रुद्रपुर के एक युवक के लिए जानलेवा साबित हुआ। रास्ते में अचानक जंगली मधुमक्खियों के झुंड ने उस पर हमला कर दिया। डंक से बुरी तरह घायल युवक को पहले निजी अस्पताल ले जाया गया। हालत बिगड़ने पर उसे डॉ. सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय रेफर करना पड़ा। यहां इलाज के दौरान शरीर में सूजन बढ़ने और सांस लेने में परेशानी के बीच 35 वर्षीय गोपाल ने दम तोड़ दिया।

ऊधमसिंह नगर जिले के रुद्रपुर स्थित जगतपुरा वार्ड एक निवासी गोपाल शादी-पार्टियों में खाना बनाने का काम करते थे। परिजनों के मुताबिक, 28 अक्टूबर की दोपहर वह जंगल के रास्ते घर लौट रहे थे। इसी दौरान अचानक जंगली मधुमक्खियों के झुंड ने उन पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से बचने का उन्हें मौका तक नहीं मिला। उनकी चीख-पुकार सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और घटना की सूचना परिजनों को दी।

गोपाल के बेटे विशाल ने बताया कि परिजन उन्हें तत्काल रुद्रपुर के एक निजी अस्पताल ले गए। वहां उनकी गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने एसटीएच रेफर कर दिया। अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था, लेकिन शरीर में सूजन के कारण उन्हें सांस लेने में परेशानी होने लगी। 29 अक्टूबर को दर्द और बेचैनी से जूझते हुए गोपाल की मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया और इसके बाद उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया। एसपी सिटी हरबंस सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी में मधुमक्खियों के हमले की बात सामने आई है। हालांकि, युवक की मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back To Top