DDC : घर की बालकनी में बैठकर खाना खा रहे बीएसएनएल कर्मचारी को गोली मारने वाला आखिर कौन था? गोली कहां से चली और किसके हथियार से निकली? इन सवालों का जवाब कई दिन बीतने के बाद भी पुलिस नहीं तलाश पाई है। काठगोदाम के बेड़ी खत्ता में हुई इस सनसनीखेज वारदात में पुलिस की जांच अब तक किसी ठोस नतीजे तक नहीं पहुंच सकी है। इधर, घायल कर्मचारी दिल्ली के अस्पताल में उपचाराधीन हैं।
घटना छह नवंबर की दोपहर करीब दो बजे की है। हाइडिल स्थित बेड़ी खत्ता निवासी 51 वर्षीय नरेंद्र सिंह बिष्ट बीएसएनएल के सुभाषनगर कार्यालय में बाबू के पद पर तैनात हैं। वह घर की बालकनी में बैठकर खाना खा रहे थे। इसी दौरान अचानक चली गोली उनके सीने के पास जा लगी। गोली लगते ही वह लहूलुहान होकर गिर पड़े। परिजन आनन-फानन में उन्हें हल्द्वानी के निजी अस्पताल ले गए। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें दिल्ली के हायर सेंटर रेफर कर दिया।
मामले में पुलिस ने सात नवंबर को प्राथमिकी दर्ज की थी। शुरुआती जांच में पुलिस ने दीपावली के दौरान पटाखों की आवाज के बीच हर्ष फायरिंग होने की आशंका जताई। माना जा रहा है कि पटाखों के शोर में किसी ने गोली चलाई, जो नरेंद्र सिंह को जा लगी। हालांकि, यह महज आशंका है। पुलिस अभी तक न तो गोली चलाने वाले की पहचान कर पाई है और न ही फायरिंग की दिशा और वजह स्पष्ट हो सकी है।
सीसीटीवी खंगाले, पूछताछ भी बेनतीजा
घटना के खुलासे के लिए पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल चुकी है। स्थानीय लोगों से भी पूछताछ की जा रही है, लेकिन अब तक कोई ऐसा सुराग नहीं मिला है जिससे आरोपी तक पहुंचा जा सके। प्रभारी निरीक्षक काठगोदाम जसवीर चौहान का कहना है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है। पुलिस टीमें लगातार क्षेत्र में पूछताछ कर रही हैं और सीसीटीवी फुटेज की पड़ताल भी जारी है। जल्द ही आरोपी को चिह्नित कर घटना का खुलासा किया जाएगा।
शादी की खुशियों पर पसरा मातम
नरेंद्र सिंह बिष्ट के परिवार में दिसंबर के पहले सप्ताह में बेटी की शादी होनी है। घर में विवाह की तैयारियां चल रही थीं। परिवार खुशियों के इस खास मौके का इंतजार कर रहा था, लेकिन अचानक हुई इस वारदात ने सारी खुशियों को चिंता और परेशानी में बदल दिया। बेटी की शादी की तैयारियों के बीच परिवार अब नरेंद्र सिंह के जल्द स्वस्थ होने की दुआ कर रहा है।


