– आर्मी करती है एके-47 का इस्तेमाल, इस गन का भी मिला कारतूस, रेलवे बनाम बनभूलपुरा अतिक्रमण मामले में फैसले से पहले सनसनी
Dismissed rapist teacher arrested with a cache of weapons, DDC : रेलवे बनाम बनभूलपुरा अतिक्रमण मामले में फैसला आने से पहले बनभूलपुरा में असलहों और कारतूस की बरामदगी ने सनसनी फैला दी है। यहां शिक्षा विभाग से बर्खास्त दुष्कर्मी शिक्षक के घर से यह बरामदगी हुई है। 312 और 315 बोर के असलहों में लगने वाले कारतूस के साथ एके-47 गन में लगने वाले उस कारतूस को भी बरामद किया है, जिसका इस्तेमाल भारतीय सेना करती है। बनभूलपुरा पुलिस ने इस आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उसके खिलाफ 3/25 आर्म्स एक्ट और 7/25 (1क) के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस के मुताबिक, 16 फरवरी को गौजाजाली उत्तर में आयशा मस्जिद के पास मो.मोबिन खान पुत्र अब्दुल बसीर खान के घर में झगड़े की सूचना मिली। आनन-फानन में एसआई जगवीर सिंह, एसआई मोनी टम्टा, कांस्टेबल यासीन, अमित शरण को मौके पर भेजा गया। खबर देने वाले मुखबिर ने पुलिस को यह भी बताया कि मो.मोबिन के पास अवैध असलहे और कारतूस भी हैं, जिसके दम पर वह अपने परिवार को न सिर्फ धमका रहा है, बल्कि असलहा खोंस कर घूम रहा है।
पुलिस मौके पर पहुंची तो मोबिन अपने बेटे, बहू और पत्नी को धमका रहा था। मोबिन घर के कमरे में रखे सोफे पर बैठा था। घर उसकी पत्नी मुमताज खान, बेटा मो. जकी खान और बहु तहसीन फातमा भी मौजूद थी। पुलिस ने जब मोबिन से तमंचों के बारे में पूछा तो वह पुलिस को बरगलाने लगा। पुलिस ने सख्ती से पूछा तो बोला, जेल में रहने के दौरान उसकी पहचान ज्ञानी नाम के व्यक्ति से हुई थी, जिससे उसने तमंचा लिया था, लेकिन बाद में लौटा दिया।
पुलिस ने जब उसकी पत्नी मुमताज खान, मो जकी खान और बहू तहसीन से पूछा तो बताया कि मोबिन ने अलमारी के ऊपर तमंचा छिपा रखा है। पुलिस को ऊंची अलमारी तक पहुंचने के लिए सीढ़ी का सहारा लेना पड़ा। पुलिस ने अलमारी के ऊपर रखे सामान को चैक किया तो वहां से 315 और 12 बोर के दो तमंचों के साथ 315 बोर में इस्तेमाल होने वाले 2 कारतूस, 12 बोर इस्तेमाल होने वाले 4 कारतूस, 7.62 बोर का एक और 10 कारतूस 7.65 बोर के बरामद किए।
जांच में सामने आया कि 7.65 बोर का कारतूस एक-47 गन में इस्तेमाल किया जाता है और इसका इस्तेमाल आमतौर पर भारतीय सेना करती है। पुलिस ने जब एके-47 में बरामद होने वाले कारतूस और 7.65 एमएम के बारे पूछा तो उसने कुछ भी साफ जवाब नहीं दिया। जिसके बाद पुलिस ने आरोपी 60 वर्षीय मोबिन को गिरफ्तार कर लिया। एसएसपी डॉ.मंजूनाथ टीसी ने बताया कि आरोपी मोबिन पूर्व में शिक्षा विभाग में कार्यरत शिक्षक था। वह एक नाबालिग से दुष्मर्क के मामले का सजायाफ्ता है और फिलहाल हाईकोर्ट में अपील के बूते बाहर था। पुलिस जांच कर रही है कि उसके पास प्रतिबंधित कारतूस कहां से आया।
कार्रवाई शुरू की तो मोबिन ने दी आत्महत्या की धमकी
पुलिस के मुताबिक, एके-47 का कारतूस मिलने के बाद पुलिस ने पूरे घर की तलाशी ली, लेकिन न मोबिन ने मुंह खोला और ही घर से एके-47 गन बरामद हुई। पुलिस की कार्रवाई के दौरान मोबिन लगातार परिजनों को धमका और बार बार चुप कराने पर भी अंजाम भुगतने की धमकी दे रहा था। परिजनों ने पुलिस को बताया कि उन्हें मोबिन से जान का खतरा है, लेकिन जब उसकी धमकी काम नहीं आई तो वह खुद जान देने की धमकी देने लगा। मोबिन अपने हाथ से अपना गला घोंटने और गले की स्वांस नली को चोट पहुंचाने की कोशिश करने लगा।
घरवालों ने घुसने नहीं दिया तो पड़ोसी की छत से घुसा
पुलिस मौके पर पहुंची तो मोबिन घायल था, उसका होंठ कटा हुआ था, जो ताजा था। पुलिस के पूछने पर मोबिन ने बताया कि घरवाले उसे घर में नहीं आने दे रहे थे। जिसके बाद वो पड़ोस की छत के रास्ते घर में घुसा और इसी दौरान उसे चोट लग गई। पुलिस ने बताया कि जब वह खुद का गला घोंटने की कोशिश कर रहा था तो मजबूरन उसके हाथ कपड़े से बांधने पड़े। इतना ही नहीं, मोबिन की हरकतों से वह अजीब मानसिकता का लग रहा था। वहीं घरवालों का कहना है कि मोबिन हमलावर हो रहा था, जिसके कारण उन्होंने उसे घर में नहीं घुसने दिया।


