– मुखानी थाने में दर्ज हुए मुकदमे को बताया फर्जी, मुकदमा वापसी की मांग, विपिन बोले- टारगेट कर रही है पुलिस
BJP Yuva Morcha state minister’s sit-in protest, DDC : नैनीताल जिले के मुखानी थाने में भाजयुमो के प्रदेश मंत्री विपिन पांडे के खिलाफ मुकदमा दर्ज है और ये मामला तूल पकड़ रहा है। लगातार मुकदमे का विरोध कर रहे विपिन मंगलवार को परिवार के साथ पुलिस बहुउद्देशीय भवन में धरने पर बैठ गए। उन्होंने न सिर्फ मुकदमे को फर्जी बताया बल्कि विधायक की कार्यशैली को सवालों में खड़ा करते हुए पुलिस पर भी बेहद गंभीर आरोप लगाए।
बता दें कि कुछ समय पहले विपिन पर टीकम सिंह बिष्ट ने मुकदमा दर्ज कराया था। उनका कहना था कि वह अपने एक साथी के साथ बाइक से जा रहे थे, तभी स्कॉर्पियो सवार विपिन ने उन्हें टक्कर मार दी और इस हादसे में बाइक पर पीछे बैठे व्यक्ति का पैर टूट गया। विपिन का आरोप है कि अन्य मामलों में जांच के नाम पर तहरीर को जेब में रख लेने वाली पुलिस ने उनके मामले में जांच की जहमत नहीं उठाई और सीधा मुकदमा दर्ज कर लिया। जबकि सीसीटीवी फुटेज से साफ हो गया कि उनके वाहन से बाइक में टक्कर ही नहीं लगी।
इधर, बहुउद्देशीय भवन में धरने पर बैठने की सूचना अधिकारियों तक पहुंची तो सीओ नितिन लोहनी मौके पर पहुंचे। उन्होंने विपिन को भरोसा दिया कि जांच निष्पक्ष होगी। विपिन ने चेतावनी दी कि यदि अन्याय हुआ तो वह फिर से धरने पर बैठेंगे। उन्होंने हाल ही में हुई घटना को लेकर अपनी ही पार्टी के विधायक को भी निशाने पर लिया। साथ ही कहाकि मुखानी थानाक्षेत्र में अवैध धंधों का विरोध करने की वजह से वह पुलिस के निशाने पर हैं।
विधायक के लिए व्यक्ति महत्वपूर्ण, पार्टी नहीं
कुछ दिन पहले वार्ड 55 के पार्षद अमित बिष्ट को मारपीट के मामले में पुलिस ने कोतवाली में बैठा लिया था। इसके खिलाफ विधायक बंशीधर भगत कोतवाली के बाहर धरने पर बैठ गए थे। एक सवाल के जवाब में विपिन ने कहा, विधायक के लिए व्यक्ति महत्वपूर्ण है न कि पार्टी। अगर विपिन पांडे उनका आदमी होता तो वह भी यहां मेरे साथ होते।
सीओ की गाड़ी से एक्सीडेंट हुआ, समझौता करा दिया
विपिन ने कहा, हाल ही में मुखानी थाना क्षेत्र में एक सीओ की गाड़ी ने दो लोगों को टक्कर मारी और पुलिस ने समझौता करा दिया। जबकि उन्होंने मामले में तहरीर भी दी थी। एक व्यक्ति को 11 फ्रैक्चर हुए, लेकिन मुकदमा आज तक नहीं हुआ। एक केस में 9 महीने बाद मुकदमा हुआ। अब पुलिस मुझे टारगेट कर रही है। पुलिस किसी भी आम आदमी को गुंडा बना दे रही है।
मुकदमा लिखाने वाले टीकम के बेटे पर मुकदमा दर्ज
विपिन पांडे पर मुकदमा दर्ज कराने वाले टीकम के बेटे विक्रम सिंह उर्फ विक्की के खिलाफ मुखानी पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस को दी तहरीर में पानपुर कठघरिया निवासी पवन रल्हन पुत्र बसंत कुमार ने पुलिस को बताया कि बीती 7 सितंबर को वह अपनी दुकान के बाहर खड़ा था। तभी टीकम सिंह देवका का बेटा विक्की पहुंचा और बोला कि तू कितने में बिका, तू अगर नीचे दिखा तो तुझे मारेंगे।
पवन ने बताया कि विपिन दर्ज मामले में उन्होंने सच का साथ दिया और इसी वजह से उन्हें और परिवार को जान से मारने की धमकी दी जा रही है। मुखानी थानाध्यक्ष दिनेश जोशी ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है। इस मामले में विक्की के खिलाफ धारा 351(1) व 351(2) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।


