. आरोपी ने मारी ऐसी लात कि बंद हो गई युवक की मूत्र नली, बनभूलपुरा पुलिस बरती कोताही
Beaten and closed the urinary tract, DDC : मारपीट के एक मामले में युवक की जान पर बन आई। उसे कुछ लोगों ने बेरहमी से पीटा और ऐसी लात मारी की उसकी मूत्र नली ही बंद हो गई। इस मामले में पीड़ित ने बनभूलपुरा पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई मांग की, लेकिन पुलिस ने उसे यह कह दिया कि हर्जा-खर्चा दिला देंगे और वह आरोपी से राजीनामा कर ले। जिसके बाद पीड़ित ने कोर्ट से गुहार लगाई और अब कोर्ट के दखल के बाद पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट को दिए प्रार्थना पत्र में साबरी मस्जिद इंद्रानगर बनभूलपुरा निवासी मो. कासिम पुत्र मो. रईस अहमद ने लिखा, वह पेशे से ड्राइवर है। जबकि उस पर हमला करने वाले गफूर बस्ती बनभूलपुरा निवासी तस्लीम अहमद पुत्र सलीम और छोटू हैं। दोनों आरोपी भी पेशे से ड्राइवर हैं। आरोप है कि बीती 30 मई को ट्रक से पास लेने के दौरान कासिम और आरोपियों में कहासुनी हुई थी। तब आरोपियों ने देख लेने की बात कही थी।
इस कहासुनी के कुछ घंटे बाद ही तस्लीम और छोटू ने उसे एलएससी प्लाट के पास रोक लिया। उसे ट्रक से उतार कर बुरी तरह पीटा, गालियां दी और जान से मारने की धमकी देते हुए उसके गुप्तांग में लात मार दी। जिससे कासिम की मूत्र नली बंद हो गई। लहूलुहान हालत में कासिम को उपचार के लिए सोबन सिंह जीना बेस अस्पताल में भर्ती कराया है।
आरोप है कि वह शिकायत लेकर बनभूलपुरा थाना गया, लेकिन पुलिस ने कार्रवाई नहीं की। उल्टी उसका असली मेडिकल भी अपने पास रख लिया और कहा, तुमको हर्जा-खर्चा दिला देंगे, तुम राजीनामा कर लो। राजीनामा नहीं करोगे तो दोनों पार्टी को बन्द कर देंगे। जब पुलिस ने कासिम की शिकायत पर गौर नहीं किया तब मजबूरी में अदालत की शरण में पहुंचा।
अदालत ने थाना बनभूलपुरा से रिपोर्ट तलब की तो पता चला कि घटना स्थल पुलिस चौकी मंडी और थाना हल्द्वानी से क्षेत्र में है। कोतवाल विजय मेहता ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।


