– दो युवकों का कारनामा, बड़े आदमी की खिदमद में दरोगा को दिखाते हुए बनाया वीडियो
Reel in police uniform, DDC : उत्तराखंड के नैनीताल जिले में पुलिस की वर्दी पहन कर रील बनाने वालों को असली पुलिस मिल गई और उन्हें असली थाना भी दिखा दिया। जिसके बाद पुलिस ने उनकी असली रील बनाई। थाने पहुंचते ही नकली पुलिस के हाथ-पैर फूल गए। न सिर्फ सोशल मीडिया पर अपलोड किया वीडियो डिलीट किया, बल्कि लिखित में माफीनामा भी लिखा और बमुश्किल पुलिस से अपनी जान छुड़ाई। घटना मुखानी थाना क्षेत्र की है।
पिछले कुछ दिनों से हल्द्वानी में सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा था। इस वीडियो में दिखाया गया कि एक अमीर एक लग्जरी वाहन में सवार में है। वह एक गाड़ी से एक बड़ी इमारत के बाहर पहुंचता है। बड़े आदमी की आवभगत में एक दरोगा को दिखाया गया, जो पहले बड़े आदमी के लिए गाड़ी का दरवाजा खोलता है और फिर इमारत का।
दरअसल, वीडियो के जरिये ये पुलिस को शर्मसार करने का प्रयास था। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो एसएसपी प्रह्लाद नारायण मीणा ने मामले में कार्रवाई के आदेश दिए। जांच में जुटी कोतवाली पुलिस ने दोनों युवकों को तलाश लिया और थाने ले आई। दोनों युवकों की पहचान दिनेश निवासी हल्द्वानी और दिव्यांश निवासी मुखानी के रूप में हुई।
दोनों युवकों को कोतवाली लाकर पूछताछ की गई। युवकों ने बताया कि उन्होंने वर्दी हल्द्वानी बाजार से खरीदी और फिर वीडियो बनाया। दोनों ने अपने किए पर माफी मांगी। पुलिस ने दोनों का चालान किया है। एसएसपी का कहना है कि इस तरह की हरकत को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।


