– पत्नी मजदूरी कर लौटी तो घर में उल्टी करता मिला पति, इंदिरानगर में 59 साल की महिला ने भी जहर खाया
Two people consumed poison in Lalkuan, DDC : नैनीताल जिले में लालकुआं की महिला और एक मजदूर ने जहर खा कर जान दे दी। घटना के वक्त मजदूर का परिवार घर पर नहीं था। उसकी पत्नी मजदूरी कर लौटी तो पति उल्टियां कर रहा था। दोनों मामलों में जहर खाने वालों को गंभीर अवस्था में उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनकी मौत हो गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम करा कर दोनों शव उनके परिजनों को सौंप दिए।
संजयनगर बिंदुखत्ता निवासी सुरेंद्र सक्सेना (40 वर्ष) पुत्र बोरेद सक्सेना यहां पत्नी व बच्चों के साथ रहते थे। घर खर्च के लिए सुरेंद्र और उनकी पत्नी दोनों मजदूरी करते थे। बताया जाता है कि बीती 26 मार्च को पत्नी तो गौला नदी में मजदूरी करने चली गई, लेकिन सुरेंद्र नहीं गया। पत्नी अपने साथ बच्चों को भी ले गई थी। दोपहर में वह लौटा तो सुरेंद्र घर में उल्टियां कर रहा था। पत्नी ने कारण पूछा तो सुरेंद्र ने बताया कि उसने जहर खा लिया है। आनन-फानन में पत्नी सुरेंद्र को लेकर डॉ.सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय पहुंची। यहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस जहर खाने के कारणों की तलाश कर रही है।
वहीं बिंदुखत्ता के इंदिरानगर निवासी प्रेमा देवी (59) पत्नी स्व. गोविंद सिंह ने 26 मार्च को जहर खा लिया। उन्हें नैनीताल रोड स्थित एक निजी अस्पताल ले जाया गया। 27 मार्च की रात प्रेमा ने दम तोड़ दिया। मेडिकल चौकी इंचार्ज भूपेंद्र सिंह मेहता ने बताया कि शवों का पोस्टमार्टम कर लिया गया है। बिसरा को जांच के लिए सुरक्षित रखा गया है।