ऑपरेशन कालनेमि : सलाखों के पीछे जाएंगे धर्म का चोला ओढ़े ढोंगी

– एसएसपी के निर्देश पर जिले में एक साथ अभियान का आगाज, धर्म के नाम पर ठगने वालों की पहचान शुरू

Operation Kalanemi, DDC : धर्म का चोला ओढ़ कर लोगों से ठगी करने वालों की धरपकड़ अब नैनीताल जिले में भी शुरू हो गई है। एसएसपी प्रह्लाद नारायण मीणा के निर्देश पर जिले में एक साथ चेकिंग शुरू की गई। एसपी क्राइम डॉ.जगदीश चंद्र धर-पकड़ के लिए खुद सड़क पर उतरे।

बता दें कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर राज्य में ऑपरेशन कालनेमि की शुरुआत की गई। जिसका उद्देश्य समाज में ढोंग, अंधविश्वास और धार्मिक आस्था के नाम पर ठगी करने वाले फर्जी बाबाओं की पहचान कर उन्हें सलाखों के पीछे पहुंचाना है। जिसके बाद शहर में सभी राजपत्रित अधिकारी, थाना और चौकी प्रभारी टीम के साथ सड़क पर उतरे और अपने-अपने क्षेत्रों में ढोंगियों की पहचान शुरू की।

ऑपरेशन के तहत सघन चेकिंग और वाहन चेकिंग शुरू की गई। इसके अलावा पुलिस ने सार्वजनिक स्थलों, मंदिर परिसरों, डेरे, आश्रमों और अन्य धार्मिक गतिविधियों की मॉनीटरिंग शुरू कर दी है। पुलिस ने लोगों से भी अपील की है कि वह ऐसे लोगों की सूचना उन्हें दें। एसएसपी प्रह्लाद नारायण मीणा का कहना है कि जनता की आस्था के साथ कोई खिलवाड़ न कर सके, धर्म की आड़ में ठगी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back To Top