दोस्त का बर्थडे मनाकर लौट रहे पैरा कमांडों को वाहन ने कुचला

– आधी रात अमृतपुर (काठगोदाम-नैनीताल रोड) में टक्कर मारने के बाद अज्ञात वाहन ने रौंदा

Para commando killed, DDC : सेना का जवान (पैरा कमांडो) अपने दोस्त का बर्थडे मनाने अल्मोड़ा गया और बुधवार देर रात अपनी केटीएम मोटर साइकिल से वापस लौट रहा था। अमृतपुर क्षेत्र में उसे एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने न सिर्फ टक्कर मारी बल्कि उसे रौंद दिया। जवान की फौरन ही अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। जवान की मौत से उसके परिवार में कोहराम मचा है।

खुशीपार्क जयनगर दिनेशपुर ऊधमसिंह नगर निवासी दीपक जोशी (27 वर्ष) पुत्र रविंद्र कुमार जोशी एलएसजी चेन्नई में पैरा कमांडो था। वह 2017 में सेना में भर्ती हुआ और दो भाई-बहनों में बड़ा था। दीपक के पिता रविंद्र ने बताया कि 22 जून को दीपक छुट्टी पर घर आया था। उसके एक दोस्त का जन्मदिन था।

दीपक अपनी बाइक से दोस्त का जन्मदिन मनाने अल्मोड़ा गया था और बुधवार को अपने एक अन्य बाइक सवार दोस्त के साथ वापस लौट रहा था। रात तकरीबन दो बजे वह अमृतपुर पहुंचा था कि तभी एक अज्ञात वाहन ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर बाद वाहन ने उसे रौंद दिया। घटना के वक्त दीपक का बाइक सवार दोस्त आगे निकल चुका था।

आनन-फानन में राहगीरों की मदद से दीपक को अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। काठगोदाम थानाध्यक्ष पंकज जोशी ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। घटना स्थल और आस-पास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back To Top