एक साल तक ठगते रहे ठग, वृद्ध से ठग लिए 3.97 लाख

– लैप्स हो चुका था बीमा, लोकपाल अधिकारी बनकर करते रहे बार-बार कॉल

Fraud in the name of lapsed insurance claim, DDC : साइबर ठगों ने हल्द्वानी निवासी प्रकाश चन्द्र उप्रेती को ऑनलाइन बीमा धोखाधड़ी का शिकार बना लिया। अज्ञात कॉलर्स ने खुद को बीमा लोकपाल अधिकारी, हैदराबाद बताया और उनकी लैप्स हुई पॉलिसी का पैसा वापस दिलाने का झांसा देकर लगभग एक साल तक लगातार रकम मांगते रहे। इस दौरान पीड़ित ने कुल 3,97,200 रुपये ट्रांसफर किए।

दो पॉलिसी खरीदी थी, एक बंद हो गई
शिकायतकर्ता ने बताया कि वर्ष 2021 में उन्होंने भारती एक्सा लाइफ इंश्योरेंस से दो पॉलिसियां खरीदी थीं। इनमें से एक पॉलिसी 2024 तक जारी रही, जबकि दूसरी लैप्स हो गई। अगस्त 2024 में उन्हें अज्ञात नंबरों से कॉल आने लगे। कॉल करने वालों ने अपना नाम महेश अग्रवाल और दशरथमूर्ति बताया और खुद को बीमा लोकपाल कार्यालय, हैदराबाद का अधिकारी बताया।

2.10 लाख रुपये बताया लैप्स पॉलिसी क्लेम
कॉलर्स ने दावा किया कि लैप्स पॉलिसी का क्लेम 2.10 लाख रुपये बन चुका है, जिसे दिलाने के लिए पहले 28,200 रुपये सिक्योरिटी फीस जमा करनी होगी। पीड़ित ने भरोसा कर राशि ट्रांसफर कर दी। इसके बाद ठगों ने बार-बार बहाने बनाते हुए अलग-अलग नाम स्टेट कोड, जीएसटी फीस, बैंक मेंटिनेंस फंड के तहत अतिरिक्त रकम मांगना शुरू किया।

ठग मांगते रहे, वृद्ध देते रहे रुपये
सितंबर 2024 से अगस्त 2025 तक उप्रेती ने बार-बार विभिन्न बैंक खातों और यूपीआई माध्यम से कुल 3,97,200 रुपये भेज दिए। इस बीच मई 2025 में अज्ञात नंबर से कॉल आया, जिसमें ठग ने खुद को एके सिंह, बीमा लोकपाल हैदराबाद बताकर कहा कि उनका जमा पैसा अब 9.96 लाख रुपये हो गया है। फिर इसे पाने के लिए अतिरिक्त 50,000 रुपये (मिसमैच अमाउंट) जमा करने को कहा।

साइबर क्राइम पुलिस ने शुरू की जांच
जब पीड़ित ने लगातार रकम भेजने के बाद भी पैसा वापस न मिलने पर संदेह किया, तब उसे एहसास हुआ कि यह पूरी रकम धोखाधड़ी के तहत ली जा रही है। पीड़ित ने तुरंत हल्द्वानी कोतवाली में लिखित शिकायत दर्ज कराई और साथ ही 1930 साइबर हेल्पलाइन पोर्टल पर ऑनलाइन शिकायत की। कोतवाल राजेश कुमार यादव ने बताया कि जीरो एफआईआर दर्ज कर साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन, कुमाऊं रेंज रुद्रपुर को ट्रांसफर कर दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back To Top