– पूरे जिले में एक साथ किया गया मॉक ड्रिल, जिलाधिकारी ने रखी पूरी नजर और दिए दिशा-निर्देश
Mock drill in Nainital district, DDC : लगातार हो रही बारिश के बीच के आपदा की संभावना को देखते हुए सोमवार को नैनीताल जिले में पुलिस-प्रशासन ने मॉक ड्रिल के जरिये अपनी शक्ति परखी। जिले में पांच स्थानों पर हुए ड्रिल पर जिलाधिकारी वंदना ने संबंधित विभाग के अधिकारियों के साथ पूरी नजर रखी और दिशा निर्देश दिए। इस दौरान पुलिस, प्रशासनिक, एसडीआरएफ, एसएसबी, एनडीआरएफ, स्वास्थ्य और राजस्व पुलिस के साथ मिलकर अभियान चलाया। तमाम घायलों को विपरीत परिस्थितियों से बाहर निकाल कर अस्पताल पहुंचा और कइयों की जान बचाई।
जिले में बाढ़ और जल भराव मॉक ड्रिल अभ्यास जिला मुख्यालय डीईओसी में जिलाधिकारी व रिस्पांसबल ऑफिसर वंदना के नेतृत्व में तहसील हल्द्वानी और तहसील रामनगर के कुल 5 क्षेत्रों में सम्पन्न हुई। मॉक ड्रिल में इन पांचों स्थानों पर अलग-अलग तरह के हालात पैदा किए गए। सभी 5 इंसीडेंट साइटों में बाढ़ व जल भराव पूर्वाभ्यास राहत अभियान बेहतर तरीके से किया गया। पांचों क्षेत्रों में आपदा प्रबंधन विभाग की ओर से ऑब्जर्वर भी नियुक्त किए गए थे।
हल्द्वानी में देवखड़ी नाला में अतिवृष्टि से सूखे नाले में अचानक जल स्तर व पानी का वेग बढ़ने से उत्पन्न की स्थिति, चोरगलिया में सूर्यानाला में भारी बारिश के दौरान नंधौर जलागम क्षेत्रान्तर्गत अचानक जल स्तर व पानी का वेग बढ़ने, रेलवे क्रांसिग के पास का क्षेत्र, लालकुआं में बारिश के चलते सार्वजनिक स्थान बाजार में जल भराव की स्थिति, रामनगर के वन क्षेत्र से लगा पम्मापुरी क्षेत्र में पहाड़ी क्षेत्रों में अतिवृष्टि से रिहायशी क्षेत्रों से लगे नाले में जलस्तर बढ़ने से निकटवर्ती आवासों को खतरा तथा रामनगर स्थित ग्राम चुकम में पहाड़ी क्षेत्रों में हुई भारी बारिश से कोसी नदी में बाढ़ की स्थिति उत्पन्न होने से नदी के किनारे चुकम गांव में बाढ़ का खतरा बन गया था। यह सूचना जिला आपदा नियंत्रण कक्ष को प्राप्त हुई और तत्काल पांचो स्थानों में मॉक ड्रिल के माध्यम से राहत और बचाव कार्य किए गए। इसके लिए घटना स्थलों के लिए स्टेजिंग एरिया भी बनाए गए थे।
इस दौरान नैनीताल एनआईसी से जिलाधिकारी वंदना, एसएसपी प्रह्लाद नारायण मीणा, सीडीओ अनामिका, एडीएम विवेक राय, एसपी डॉ. जगदीश चंद्र, डीडीओ गोपाल गिरी गोस्वामी, कमल सिंह मेहरा, आब्जर्वर अपर जिलाधिकारी वित्त शैलेंद्र सिंह नेगी, राम सिंह बोरा, मनीषा मारकाना, संतोष सहित रामनगर व हल्द्वानी से उप जिलाधिकारी व अन्य अधिकारी जुड़े। एसपी सिटी प्रकाश चंद्र की अगुवाई में काठगोदाम में सीओ हल्द्वानी नितिन लोहनी, सीओ रामनगर सुमित पांडे, चोरगलिया व सीओ लालकुआं दीपशिखा अग्रवाल के साथ थाना प्रभारियों समेत पुलिस टीमों ने कार्यदाई संस्थाओं को शामिल कर मॉक ड्रिल अभ्यास किया गया।
39 लोगों का रेस्क्यू, 5 परिवार राहत सेंटर पहुंचो
टीमों ने मॉकड्रिल के दौरान 39 लोगों को किया रेस्क्यू कर घायलों को अस्पताल पहुंचाया और 5 परिवारों को राहत सेंटर पहुंचाया। देवखड़ी की तपोवन कॉलोनी में 2 लोग घरों में मालवा आ जाने से फंसे लोगों को निकाला। सूर्यानाला से 2 घायलों को सीएचसी चोरगलिया, 3 गंभीर घायलों को बेस अस्पताल भेजा। 1 ऑल्टो और मोटरसाइकिल नाले से निकली गई। लालकुआं में 8 व्यक्ति, नरुला पेट्रोल पम्प के पास से 2 घायलों को, रामनगर के चुकुम में 3 गंभीर घायलों, पम्पापुरी में 5 परिवारों को राहत सेंटर भेजा।
आब्जर्वर एनडीआरएफ त्रिपेन सिंह ने बताया कि मॉक ड्रिल के दौरान कुछ कमियां भी देखने को मिली, जिसमें मॉक ड्रिल में ड्रोन की व्यवस्था, रेस्क्यू के दौरान औजारों का डिस्प्ले न होना, वैकल्पिक व्यवस्था, सेटेलाइट फोन, छोटे वाहनों की अनुपलब्धता, टीमों के ड्रेस कोड और सुरक्षा कवच आदि न होने तथा भविष्य में उक्त कमियों को दूर करने की बात कही।
इतने लोग हुए मॉक ड्रिल में शामिल
मॉक ड्रिल में विभिन्न थानों से 95, आईआरबी से 67, डे हवालात से 8, एनडीआरएफ से 24, आईटीबीपी से 55, एसडीआरएफ से 13, दमकल से 31, वन विभाग से 14, 10 मेडिकल टीम, वायरलेस से 9 और सप्लाई से 4 लोग शामिल हुए।


