योगा ट्रेनर ज्योति की मौत पर हंगामा, जाम, कोतवाली में नारेबाजी

– पहाड़ी आर्मी के साथ ज्योति के परिजनों ने योगा सेंटर में की घुसने की कोशिश, बल प्रयोग कर पुलिस ने खुलवाई सड़क

Yoga trainer Jyoti Mer dies, DDC : योगा ट्रेनर ज्योति मेर की मौत मामले में सोमवार को जमकर हंगामा हुआ। चार दिन पहले ज्योति की लाश उसी के कमरे में मिली थी। मामले में योगा ट्रेनिंग सेंटर के मालिक पर हत्या का आरोप लगाते हुए ज्योति के परिजन पहाड़ी आर्मी के लोगों के साथ ट्रेनिंग सेंटर पहुंच गए। उन्होंने जबरन सेंटर में घुसने की कोशिश की और जब पुलिस ने रोका तो लोगों ने सड़क पर जाम लगा दिया। पुलिस ने हल्का बल प्रयोग किया और कई लोगों को कोतवाली उठा लाई। जिसके बाद कोतवाली में भी जमकर हंगामा हुआ।

बता दें कि ज्योति मेर मुखानी के जेके पुरम में किराये के कमरे में अकेले रहती थी और हीरानगर-मुखानी नहर कवरिंग रोड स्थित योगा सेंटर में बतौर ट्रेनर काम करती थी। बीती 31 जुलाई को उसका शव उसी के कमरे में मिला था। परिजन पहले ही दिन से ज्योति की हत्या किए जाने का आरोप योगा सेंटर के संचालक अजय यदुवंशी और उसके छोटे भाई अभय यदुवंशी पर लगा रहे थे। मामले में ज्योति की मां हल्दूचौड़ निवासी दीपा मेर ने मुखानी पुलिस को तहरीर सौंपी थी, लेकिन पुलिस ने मुकदमा दर्ज नहीं किया।

इधर, मामले में कार्रवाई न होने और पुलिस पर आरोपियों का साथ देने का आरोप लगाते हुए सोमवार को ज्योति के तमाम परिजन पहाड़ी आर्मी के हरीश रावत और उनके साथियों के साथ योगा सेंटर पहुंच गए। जानकारी मिलते ही पुलिस भी पहुंच गई और उन्हें योगा सेंटर में दाखिल होने से रोक दिया। जिसके बाद नाराज लोग हाथ में जस्टिस फॉर ज्योति के पोस्टर लेकर नहर कवरिंग रोड पर बैठ गए और नारेबाजी करने लगे। इससे सड़क पर करीब आधे घंटे तक जाम लगा रहा। हंगामा बढ़ता देख कोतवाल राजेश कुमार यादव के साथ कई चौकियों का पुलिस बल मौके पर पहुंच गया।

पुलिस ने लोगों को सड़क से हटने के लिए कहा, लेकिन जब वह नहीं माने तो पुलिस उन्हें जबरन सड़क से हटाया और उठा कर कोतवाली ले आई। जिसके बाद तमाम लोग कोतवाली पहुंच गए और यहां भी हंगामा और नारेबाजी शुरू कर दी। कोतवाली में करीब आधा घंटा हंगामे के बाद पुलिस ने लोगों को समझाबुझा कर शांत कराया। कोतवाल राजेश कुमार यादव ने बताया कि ज्योति की मौत मामले में मुखानी पुलिस कार्रवाई कर रही है। घटना को लेकर लोग नाराज थे, जिन्हें समझाबुझा कर शांत करा दिया गया और हिरासत में लिए गए सभी लोगों को छोड़ दिया गया।

ज्योति के जिस्म पर निशान, आरोपी सगे भाई फरार
ज्योति की मां दीपा मेर ने आरोपी भाइयों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि ज्योति दोनों भाइयों से डरी हुई थी और इसी वजह से वह अगले महीने नौकरी छोड़ने की बात कह रही थी। उनका कहना है कि ज्योति के सिर पर पिछली तरफ चोट के निशान थे, जो हत्या को प्रदर्शित कर रहे थे। मुखानी थानाध्यक्ष दिनेश जोशी ने बताया कि दीपा की तहरीर पर दोनों आरोपी भाइयों के खिलाफ हत्या के आरोप में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। दोनों फरार हैं और उनकी तलाश की जा रही है।

30 जुलाई को हो गई थी हत्या, सीसीसीटी में दिखा कातिल
ज्योति के परिजनों का कहना है कि आरोपी भाइयों ने 30 जुलाई को ही ज्योति की हत्या कर दी थी, लेकिन पुलिस ने कार्रवाई में ढिलाई बरती। परिजनों अपने स्तर से जानकारी जुटाई। दीपा ने बताया कि ज्योति के कमरे के पास लगे सीसीटीवी में एक संदिग्ध नजर आया है, जो मास्क पहने हुए है और ज्योति के कमरे की ओर जाता और फिर कुछ देर बाद बाहर निकलता दिखाई दे रहा है। आरोप है कि मास्क वाला व्यक्ति की हत्यारा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back To Top