– मंगलपड़ाव चौकी के पीछे घटी घटना, आरोपी हिरासत में, लहूलुहान हालत में युवक को पहुंचाया अस्पताल
Stabbed with a knife for not moving his scooter, DDC : छोटी सी बात पर आगबबूला हुए एक युवक ने दूसरे युवक पर कातिलाना हमला कर दिया। आरोपी ने सब्जी के ठेले पर रखा चाकू उठा कर युवक पर हमला कर दिया, जिससे उसका चेहरा बुरी तरह कट गया। लहूलहुलान हालत में युवक को सोबन सिंह जीना बेस चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां उसके होंठ से लेकर नाक तक 12 टांके लगाए। घटना मंगलपड़ाव पुलिस चौकी के ठीक पीछे हुई। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर सौंपी है।
घासमंडी मंगलपड़ाव निवासी विनय राजपूत (21 वर्ष) पुत्र स्व.गंगा राम मंगलपड़ाव सब्जी मंडी स्थित एक क्रॉकरी की दुकान में काम करता है। विनय के बड़े भाई विशाल ने बताया कि रोज की तरह शुक्रवार को भी विनय काम पर गया था। विनय ने दुकान के पास अपनी स्कूटी खड़ी की थी। दोपहर को पास की दुकान में काम करने वाले एक युवक ने विनय से स्कूटी हटाने के लिए कहा।
इसी पर दोनों में बहस हो गई। इससे आरोपी इतना आक्रोशित हुआ कि उसने पास में खड़े सब्जी के ठेले पर रखा चाकू उठा लिया। विनय कुछ समझ पाता, इससे पहले ही आरोपी ने विनय पर हमला कर दिया। चाकू विनय के मुंह पर लगा और होंठ से लेकर नाक तक लंबा घाव हो गया। बेस अस्पताल में विनय के चेहरे पर 12 टांके लगाए गए।
विशाल ने बताया कि उन्होंने आरोपी को नामजद करते हुए मंगलपड़ाव पुलिस को तहरीर सौंपी है। कोतवाल विजय मेहता ने बताया कि आरोपी को हिरासत में लिया गया है। तहरीर आते ही मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।


