जूही को धमकाया, ज्योति अधिकारी पर एक और मुकदमा

. मुखानी थाने के दरोगा की तहरीर पर मुकदमा, घर से थाने जाते वक्त ज्योति ने अपलोड किया था धमकी भरा वीडियो

Another FIR filed against social media influencer Jyoti Adhikari, DDC : सुर्खियां बटोरने के लिए अकसर विवादों को जन्म देने वाली सोशल मीडिया इंफुलेंसर ज्योति अधिकारी सलाखों के पीछे हैं, लेकिन वहां भी मुश्किलें उनका पीछा नहीं छोड़ रहीं। ज्योति पर मुखानी पुलिस ने एक और मुकदमा दर्ज कर लिया है। इस मामले में वादी खुद मुखानी थाना पुलिस के दरोगा विरेंद्र चंद्र हैं। यह मामला पहले मुकदमे में वादी जूही को धमकाने का है।

दरोगा विरेंद्र चंद्र के मुताबिक, हरिपुर लालमणी किशनपुर घुड़दौड़ा हल्द्वानी निवासी ज्योति अधिकारी पत्नी गोपाल सिंह अधिकारी ने हाल में सार्वजनिक स्थान पर खुलेआम दराती लहराते हुए जन मानस में भय व्याप्त किया और उत्तराखण्ड की हिन्दू देवी-देवताओं को फर्जी देवता कहा। साथ ही कुमाऊं की महिलाओं को कौथिक में नाचने वाली और फर्जी महिला आदि कहते हुए उत्तराखण्ड की लोक संस्कृति का अपमान किया गया। इस मामले में रामपुर चकलुआ हाल हिम्मतपुर मल्ला ऊंचापुल निवासी जूही चुफाल पुत्री पूरन सिंह चुफाल ने ज्योति के खिलाफ मुखानी थाने में तहरीर दी थी।

पुलिस ने ज्योति के खिलाफ धारा 192, 196, 299, 302 और 4/25 आर्म्स एक्ट तहत ज्योति अधिकारी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। बीते गुरुवार को पुलिस ने नोटिस जारी कर ज्योति को पूछताछ के लिए थाने बुलाया। विवेचना में सहयोग करते हुए ज्योति थाने पहुंची। पुलिस के मुताबिक, ज्योति ने नोटिस प्राप्त करने के बाद उसी दिन एक वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड किया।

वीडियो में ज्योति ने मुकदमा दर्ज कराने वाली जूही को ललकारा और कहा, जिसने भी ये केस किया है, सुनने मे आया है वह भी महिला ही है और बच्ची है तो मैं उस महिला से कहना चाहती हूं कि बहन आना जरूर सामने। ऐसा न हो कि ऑनलाइन केस कर दिया, फिर आप घर में रहे। जिगरा थोड़ा मैदान में आकर भी दिखाओ। मैं तो निकल गई बहन, तेरे पर भी थोड़ा जिगरा हो तो सामने आ जाना। आज हम भी देख लेंगे नेतानी बनने का ज्यादा शौक चढ़ा है ना। आजा सारे शौक निकलवाऊं मै।,,

थानाध्यक्ष सुशील जोशी का कहना है कि इस तरह अभियुक्ता ज्योति, वादिनी जूही को डरा और धमकाया रही हैं। ज्योति खुद इसका प्रचार-प्रसार भी कर रही हैं। इस वीडियो के बाद से जूही डरी हुई है। उसे जान-माल का खतरा है और समाज में भी इस भय है। जिसके चलते ज्योति के खिलाफ एसआई विरेंद्र चंद्र की तहरीर पर धारा 351(3) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

जेल में ही गुजरेंगे दिन-रात, जमानत याचिका दरकिनार
पुलिस ने गुरुवार को बेहद नाटकीय अंदाज में पहले तो ज्योति को पूछताछ के लिए बुलाया। करीब साढ़े पांच घंटे पूछताछ की गई। फिर भरोसे में लेकर पुलिस ने वो दराती बरामद की, जिसे ज्योति ने सरेआम लहराया था। ज्योति को लगा पुलिस ने उसे घर छोड़ने जा रही है, लेकिन दराती बरामद करने के साथ ही पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। गुरुवार रात ही उसे जजी कोर्ट में न्यायालय के सामने पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। शुक्रवार की सुबह कोर्ट खुलते ही ज्योति के अधिवक्ता ने कोर्ट में जमानत याचिका दायर की, लेकिन कोर्ट ने जमानत याचिका खारिज कर दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back To Top