- रील बनाने की शौकीन थी छात्रा, भाई ने डांटा था, बिंदुखत्ता के राजीवनगर में हुई घटना
DDC : मोबाइल पर रील बनाने को लेकर बड़े भाई की डांट 14 वर्षीय किशोरी को इतनी नागवार गुजरी कि उसने आत्मघाती कदम उठा लिया। बिंदुखत्ता के राजीवनगर में मंगलवार शाम हुई इस घटना से परिवार में कोहराम मच गया। आठवीं कक्षा में पढ़ने वाली राशि सक्सेना कमरे में पंखे के कुंडे से लटकी मिली। परिजन उसे तत्काल डॉ. सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।
पुलिस के अनुसार, राजीवनगर, बिंदुखत्ता निवासी राशि सक्सेना की उम्र 14 वर्ष थी। वह परिवार के साथ रहती थी और आठवीं कक्षा में पढ़ाई कर रही थी। बताया गया कि राशि को मोबाइल पर रील बनाने का शौक था। उसका अधिक समय मोबाइल पर बिताना बड़े भाई को पसंद नहीं था।
मंगलवार शाम भी राशि मोबाइल पर रील बना रही थी। इसी दौरान बड़े भाई ने उसे डांट दिया। इसके बाद भाई वहां से चला गया। कुछ देर बाद राशि अपने कमरे में गई। जब परिजनों ने उसे देखा तो वह पंखे के कुंडे से लटकी हुई थी। यह देखकर परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजनों ने आनन-फानन में उसे नीचे उतारा और अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
बुधवार को पुलिस ने पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी कर शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया। एसपी सिटी हरबंस सिंह ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में मोबाइल पर रील बनाने को लेकर भाई की डांट के बाद यह घटना होने की बात सामने आई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


