कुमाऊं को मिला हाईटेक मीडिया हब का तोहफा, हल्द्वानी में 6.75 करोड़ से बनेगा अत्याधुनिक मीडिया सेंटर

हल्द्वानी में नए मीडिया सेंटर का शिलान्यास करते मुख्ययमंत्री पुष्कर सिंह धामी।

– मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने किया शिलान्यास, पत्रकारों को मिलेंगी डिजिटल स्टूडियो, गेस्ट रूम और हाई-स्पीड इंटरनेट जैसी सुविधाएं

Haldwani To Get Media Centre Worth ₹6.75 Crore, DDC : उत्तराखंड में मीडिया सशक्तिकरण की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को हल्द्वानी में कुमाऊं मीडिया सेंटर भवन का शिलान्यास किया। कालाढूंगी रोड पर ब्लॉक ऑफिस के पास करीब 6 करोड़ 75 लाख 88 हजार रुपये की लागत से बनने वाला यह अत्याधुनिक मीडिया सेंटर कुमाऊ मंडल के पत्रकारों के लिए आधुनिक सुविधाओं से लैस बहुउद्देश्यीय केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह मीडिया सेंटर केवल भवन नहीं, बल्कि लोकतंत्र के चौथे स्तंभ पत्रकारिता को समर्पित एक सशक्त मंच होगा। उन्होंने कहा कि अब तक कुमाऊँ क्षेत्र के पत्रकारों को कई महत्वपूर्ण कार्यों के लिए देहरादून जाना पड़ता था, लेकिन अब अधिकांश कार्य हल्द्वानी से ही संचालित हो सकेंगे। इससे समय और संसाधनों दोनों की बचत होगी।

आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा सेंटर
मुख्यमंत्री ने बताया कि मीडिया सेंटर में आधुनिक प्रेस कॉन्फ्रेंस हॉल, हाई-स्पीड इंटरनेट सुविधा, डिजिटल स्टूडियो, समृद्ध लाइब्रेरी, कैंटीन और अन्य आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। साथ ही मुनस्यारी, बागेश्वर, कपकोट, पिथौरागढ़, चंपावत, अल्मोड़ा और रानीखेत जैसे दूरस्थ क्षेत्रों से आने वाले पत्रकारों के लिए आवासीय गेस्ट रूम भी बनाए जाएंगे।

निरीक्षण कार्य भी होंगे आसान
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि समाचार पत्रों से जुड़े निरीक्षण कार्य अब इसी मीडिया सेंटर से किए जाएंगे। इससे पारदर्शिता और कार्यप्रणाली में तेजी आएगी तथा पत्रकारों को प्रशासनिक प्रक्रियाओं में राहत मिलेगी।

पत्रकार कल्याण योजनाओं का जिक्र
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार पत्रकारों के हितों और सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि पत्रकार कल्याण कोष की राशि बढ़ाकर 5 करोड़ रुपये कर दी गई है। गंभीर बीमारी या आकस्मिक निधन की स्थिति में पत्रकार परिवारों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।

इसके अलावा अधिस्वीकृत पत्रकारों और उनके आश्रितों के लिए 5 लाख रुपये तक की कैशलेस स्वास्थ्य सुविधा लागू की गई है। वहीं 60 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ पत्रकारों को प्रतिमाह 8 हजार रुपये पेंशन भी दी जा रही है।

हल्द्वानी बनेगा मीडिया का बड़ा केंद्र
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि यह मीडिया सेंटर हल्द्वानी को कुमाऊँ क्षेत्र का प्रमुख मीडिया हब बनाएगा। उन्होंने पत्रकारों से सकारात्मक पत्रकारिता को बढ़ावा देने और विकास कार्यों को जनता तक पहुंचाने का आह्वान किया। साथ ही कहा कि जहां कमियां हों, वहां निष्पक्ष रूप से सरकार को अवगत कराना भी पत्रकारों की जिम्मेदारी है।

उन्होंने यह भी जानकारी दी कि चंपावत जिले के टनकपुर में मीडिया सेंटर गेस्ट हाउस का निर्माण कार्य भी शुरू हो चुका है।

इस अवसर पर सांसद अजय भट्ट, कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा, राम सिंह कैड़ा, जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दरम्वाल, विधायक सरिता आर्या, अध्यक्ष मीडिया सलाहकार समिति उत्तराखंड गोविन्द सिंह, मेयर गजराज सिंह, ब्लॉक प्रमुख हल्द्वानी मंजू गौड़, ब्लॉक प्रमुख भीमताल हरीश बिष्ट, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप सिंह बिष्ट, दर्जा राज्यमंत्री डॉ अनिल कपूर डब्बू, ध्रुव रौतेला, दिनेश आर्या, सुरेश भट्ट, अतिरिक्त महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, एसएसपी डॉ मंजूनाथ टीसी, मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पाण्डे, उपनिदेशक सूचना बद्रीचंद्र, जिला सूचना अधिकारी गिरिजा शंकर जोशी, सूचना अधिकारी अहमद नदीम आदि थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back To Top