40 हजार की रिश्वत लेते उरेडा का परियोजना अधिकारी रंगे हाथ गिरफ्तार

विजिलेंस के गिरफ्त मे मुंह छिपाए बैठा उरेडा का परियोजना अधिकारी धीरेन्द्र सिंह पटवाल।

– बागेश्वर में चार फाइलों की जे.आई.आर. लंबित होने पर मांगी थी घूस, विजिलेंस हल्द्वानी की ट्रैप टीम ने दबोचा

UREDA Project Officer Arrested, DDC : उत्तराखण्ड सतर्कता अधिष्ठान की टीम ने बागेश्वर में बड़ी कार्रवाई करते हुए उत्तराखण्ड अक्षय ऊर्जा विकास अभिकरण (उरेडा) के परियोजना अधिकारी को 40 हजार की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।

सतर्कता अधिष्ठान को शिकायत मिली थी कि बागेश्वर स्थित उरेडा कार्यालय में सोलर प्लांटों की संयुक्त निरीक्षण रिपोर्ट (जे.आई.आर.) लंबे समय से लंबित है। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि परियोजना अधिकारी धीरेन्द्र सिंह पटवाल प्रत्येक फाइल के निस्तारण के लिए 10 से 15 हजार की रिश्वत मांग रहे थे। शिकायतकर्ता की चार फाइलें लंबित थीं, जिनके लिए कुल 40 हजार की मांग की गई थी। शिकायतकर्ता रिश्वत नहीं देना चाहता था और उसने आरोपी अधिकारी के खिलाफ सतर्कता अधिष्ठान से कार्रवाई की मांग की।

शिकायत का सत्यापन करने पर आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए गए। इसके बाद पुलिस अधीक्षक सतर्कता अधिष्ठान सेक्टर हल्द्वानी के निर्देश पर एक ट्रैप टीम का गठन किया गया।

सतर्कता अधिष्ठान हल्द्वानी की टीम ने 24 जुलाई 2026 को नियमानुसार कार्रवाई करते हुए आरोपी धीरेन्द्र सिंह पटवाल पुत्र स्व. उदय सिंह पटवाल, निवासी राजनगर, पीरूमदारा, रामनगर (जनपद नैनीताल), हाल परियोजना अधिकारी, उत्तराखण्ड अक्षय ऊर्जा विकास अभिकरण (उरेडा), बागेश्वर को शिकायतकर्ता से 40 हजार की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।

सतर्कता अधिष्ठान ने बताया कि मामले में अग्रिम विवेचनात्मक कार्रवाई जारी है।

इस अवसर पर सतर्कता निदेशक डॉ. वी. मुरूगेशन ने आम जनता से भ्रष्टाचार के विरुद्ध अभियान में सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि कोई भी व्यक्ति रिश्वत मांगने की शिकायत सतर्कता अधिष्ठान के टोल फ्री नंबर 1064 अथवा व्हाट्सएप हेल्पलाइन 9456592300 पर दर्ज करा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back To Top